Lalu yadav Family dispute रोहिणी आचार्य के सपोर्ट में उतरे तेज प्रताप, कहा – बहन का अपमान हुआ तो सुदर्शन चक्र चलेगा
Lalu yadav Family dispute - लालू यादव के परिवार में छिड़ी लड़ाई खुलकर सामने आ गई है। रोहिणी आचार्य के साथ जो भी हुआ, उसके बाद तेज प्रताप ने अपना गुस्सा जाहिर किया है।
Patna - लालू परिवार में मतभेद अब खुलकर सामने आने लगे हैं। जहां रोहिणी आचार्य ने तेजस्वी आचार्य सहित पूरे परिवार को सोशल मीडिया पर अनफॉलो कर दिया है। साथ ही अपना अकाउंट भी प्राइवेट कर दिया है। वहीं अब रोहिणी आचार्य के सपोर्ट में तेज प्रताप खुलकर सामने आ गए हैं। उन्होंने बहन के लिए आवाज उठाई है।
उन्होंने कहा, 'मैं उनकी गोद में खेला हूं। जो उन्होंने किया है वो किसी भी मां, किसी भी बहन और किसी भी बेटी के लिए बड़ी बात है। उन्होंने जो किया, ऐसा करने के लिए हिम्मत चाहिए, ऐसा करने के लिए उन्हें इतिहास में याद रखा जाएगा।
तेज प्रताप यहीं पर नहीं रूके। उन्होंने रोहिणी आचार्य की बातों का भी समर्थन किया। कहा जो भी कहा है, बिल्कुल सही कहा है। वहीं रोहिणी आचार्य के आत्मसम्मान को चोट पहुंचानेवालों को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि अगर मेरी बहन का किसी ने अपमान किया तो सुदर्शन चक्र चलाऊंगा।' उन्होंने ये भी कहा कि, रोहिणी पूरी तरह सही हैं।
बता दें कि संजय यादव को लेकर तेजस्वी और रोहिणी के बीच मतभेद बढ़ गया है। तेजस्वी के करीबी संजय यादव पर रोहिणी की आपत्ति सोशल मीडिया पर खुलकर सामने आई। उनके एक्स अकाउंट पर एक के बाद एक कई पोस्ट दिखे।
शुक्रवार रात भी उन्होंने दो पोस्ट किए और खुद को एक जिम्मेदार बेटी और बहन बताया, लेकिन अगली सुबह शनिवार को अचानक उन्होंने अपने एक्स अकाउंट को प्राइवेट कर लिया। शनिवार की सुबह 8 बजे तक जो पोस्ट सार्वजनिक थे, वे 8 बजे के बाद अचानक से गायब हो गए।