अनिल यादव गोलीकांड का खुलासा : चुनावी रंजिश में रची गई थी हत्या की साजिश, मुख्य साजिकर्ता राहुल समेत 4 गिरफ्तार

पटना के चर्चित पूर्व वार्ड पार्षद अनिल यादव पर हुए जानलेवा हमला मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। घटना को पुरानी रंजिश में अंजाम दिया गया था। इस मामले में पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता समेत 4 को गिरफ्तार कर लिया है......

चुनावी रंजिश में पूर्व पार्षद अनिल यादव पर हुआ था जानलेवा हमला- फोटो : अनिल कुमार

Patna : राजधानी पटना में पूर्व वार्ड पार्षद अनिल यादव पर हुए जानलेवा हमले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि यह हमला वार्ड पार्षद चुनाव को लेकर जारी पुरानी चुनावी रंजिश और प्रतिशोध के कारण किया गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में मुख्य साजिशकर्ता समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार शूटरों की तलाश जारी है।


शंकर राय और राहुल साहनी ने मिलकर रची थी हत्या की पटकथा 

सेंट्रल एसपी ममता कल्याणी ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित अनिल यादव और आरोपी शंकर राय एक ही मोहल्ले के निवासी हैं और दोनों के बीच चुनावी प्रतिद्वंद्विता चल रही थी। शंकर राय ने अनिल यादव को रास्ते से हटाने के लिए कुख्यात राहुल साहनी से संपर्क साधा। इसके बाद राहुल साहनी ने हत्या की पूरी साजिश रची और शूटरों को योजनाबद्ध तरीके से काम पर लगाया।



ऑटो और चोरी की बाइक से घटनास्थल तक पहुंचे थे शूटर 

वारदात को अंजाम देने के लिए शूटरों को अलग-अलग तरीकों से लाया गया। एक शूटर सीधे बाइक से पहुंचा, जबकि राहुल साहनी के निर्देश पर उसके दुकान कर्मचारी चंदन ने दो शूटरों को ऑटो से मंदिर के पास छोड़ दिया। ऑटो चालक शंभू की मदद से पहुंचे ये शूटर थोड़ी दूर पैदल चले और फिर चोरी की बाइक पर सवार होकर वारदात स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ऑटो, एक पिस्टल और एक कट्टा भी बरामद कर लिया है।


पूजा-पाठ की दुकान की आड़ में सक्रिय था 8 मुकदमों का आरोपी राहुल साहनी 

जांच में खुलासा हुआ कि मुख्य साजिशकर्ता राहुल साहनी उर्फ नीरज 2012 से ही अपराध की दुनिया में सक्रिय है और उसके खिलाफ 8 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह राजीव नगर रोड नंबर 20 में पूजा-सामग्री की दुकान चलाता था और चंदन उसकी दुकान में काम करता था। चंदन का भी आपराधिक इतिहास रहा है और उस पर 7 मुकदमे दर्ज हैं। वह पूर्व में भी शूटर के रूप में काम कर चुका है।


अन्य शूटरों की तलाश में छापेमारी, संतोष सिंह हत्याकांड से भी जुड़ रहे तार 

पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है तथा घटना में शामिल अन्य फरार शूटरों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। इसके अतिरिक्त पुलिस इस गिरोह के तार चर्चित संतोष सिंह हत्याकांड और एसके पुरी, बुद्धा कॉलोनी व आरा में दर्ज अन्य आपराधिक मामलों से जोड़कर भी जांच को आगे बढ़ा रही है।


अनिल की रिपोर्ट