Bihar News : आठ महीने बाद गई अशोक चौधरी के असिस्टेंट प्रोफ़ेसर की नौकरी, पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय ने मंजूर किया इस्तीफा

Bihar News :बिहार के मंत्री अशोक चौधरी ने असिस्टेंट प्रोफेसर की नौकरी छोड़ दी है। पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के कुलपति ने उनका इस्तीफा शनिवार को मंजूर कर लिया।

अशोक चौधरी की गयी नौकरी - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बिहार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री और जदयू के वरिष्ठ नेता अशोक चौधरी का पटना के एएन कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद से दिया गया इस्तीफा पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय ने मंजूर कर लिया है। शनिवार को हुई यूनिवर्सिटी सिंडिकेट की बैठक में यह निर्णय लिया गया और उनकी नियुक्ति को कार्यग्रहण की तिथि से ही प्रभावहीन माना गया है। हालांकि, इस कदम के बाद उनकी विधान पार्षदी (MLC) और मंत्री पद पर संवैधानिक व कानूनी स्थिति को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

लियन आवेदन से विवाद तक का घटनाक्रम

अशोक चौधरी ने असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद 17 फरवरी 2026 को पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले एएन कॉलेज में राजनीति विज्ञान (पॉलिटिकल साइंस) के असिस्टेंट प्रोफेसर का पद जॉइन किया था। पदभार ग्रहण करने के अगले ही दिन उन्होंने लियन (अवैतनिक अवकाश) के लिए आवेदन किया। यूनिवर्सिटी सिंडिकेट ने इस आवेदन को अस्वीकार कर मार्गदर्शन के लिए लोकभवन (राज्यपाल सचिवालय) को भेज दिया। 

महाधिवक्ता से कानूनी राय 

लोकभवन के आंतरिक पत्राचार में यह स्पष्ट किया गया कि जॉइनिंग के बाद प्रोबेशन अवधि में लियन नहीं दी जा सकती। तत्कालीन अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह ने अपने नोट में कहा था कि बिहार राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम और बिहार सेवा संहिता के प्रावधानों के तहत वर्तमान विधायक या विधान पार्षद पूर्णकालिक नौकरी के लिए आवेदन या अनुबंध करने के पात्र नहीं हैं, क्योंकि उन पर विधायी दायित्व होते हैं। मामले में लोकभवन ने महाधिवक्ता एसडी संजय से कानूनी सलाह मांगी। इसके बाद विपक्ष ने लाभ के पद धारण करने का आरोप लगाते हुए मामले को सार्वजनिक मंच पर उठाया।

अशोक चौधरी का पक्ष और आगे की नजरें

विवाद गहराने के बाद अशोक चौधरी ने शुक्रवार को असिस्टेंट प्रोफेसर पद से इस्तीफा सौंप दिया था। पूर्व में उन्होंने अपना पक्ष रखते हुए कहा था कि विधान पार्षद रहते असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए आवेदन करने से रोकने वाला कोई स्पष्ट कानून नहीं है और प्रोफेसर बनना उनके पिता का सपना था। उन्होंने यह भी कहा था कि आवश्यकता पड़ने पर वे कोई भी पद छोड़ने को तैयार हैं। अब विश्वविद्यालय द्वारा इस्तीफा स्वीकार किए जाने के बाद यह देखा जाना महत्वपूर्ण होगा कि लाभ के पद से जुड़े संभावित सवालों पर आगे क्या कानूनी या संवैधानिक प्रक्रिया अपनाई जाती है और इसका अशोक चौधरी के मंत्री व एमएलसी पद पर क्या असर पड़ता है।