'Z+ सुरक्षा में रहते हैं और लिलिपुटियन कहकर पुलिस का मजाक उड़ाते हैं', तेजस्वी यादव पर मंत्री अशोक चौधरी ने किया पलटवार
अशोक चौधरी ने बेहद आक्रामक लहजे में कहा कि तेजस्वी यादव और उनका परिवार खुद भारी-भरकम सुरक्षा के बीच रहता है । उन्होंने गिनाया कि लालू यादव, राबड़ी देवी Z+ सुरक्षा में हैं, तेजस्वी खुद Y+ में हैं और मीसा भारती के पास भी सुरक्षा घेरा है ।
Patna - बिहार की सियासत में इन दिनों शब्दों के बाण खूब चल रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के आरोपों पर बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने न केवल कानून-व्यवस्था के दावों को सही ठहराया, बल्कि तेजस्वी यादव के 'डाटा' ज्ञान पर भी सवाल खड़े किए।
तेजस्वी के 'डेटा' पर उठाए सवाल
बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि तेजस्वी यादव को सरकारी आंकड़ों और डेटा से कोई लेना-देना नहीं है । उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष सिर्फ झूठ बोलकर जनता को गुमराह कर रहे हैं । चौधरी ने दावा किया कि यदि आंकड़े देखे जाएं तो बिहार में विकास के हर क्षेत्र—चाहे वो कृषि हो, इंफ्रास्ट्रक्चर हो या लॉ एंड आर्डर—में अभूतपूर्व काम हुआ है ।
"लिलिपुटियन" कमेंट पर भड़के मंत्री
तेजस्वी यादव द्वारा बिहार पुलिस के संदर्भ में "लिलिपुटियन" (बौने) शब्द के इस्तेमाल पर अशोक चौधरी ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने इसे बिहार की बेटियों और पुलिस बल का अपमान करार दिया । मंत्री ने कहा कि बिहार की भौगोलिक और शारीरिक बनावट पंजाब या हरियाणा जैसी नहीं है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि आप राज्य की महिलाओं और पुलिसकर्मियों का उपहास उड़ाएं ।
सुरक्षा छोड़ने की दी चुनौती
अशोक चौधरी ने बेहद आक्रामक लहजे में कहा कि तेजस्वी यादव और उनका परिवार खुद भारी-भरकम सुरक्षा के बीच रहता है । उन्होंने गिनाया कि लालू यादव, राबड़ी देवी Z+ सुरक्षा में हैं, तेजस्वी खुद Y+ में हैं और मीसा भारती के पास भी सुरक्षा घेरा है । चौधरी ने चुनौती दी कि "अगर उन्हें लगता है कि बिहार पुलिस का स्तर (Standard) नहीं है, तो पहले अपनी सुरक्षा हटा दें, फिर ऐसी बातें करें" ।
वेतन संकट और खजाना खाली होने के दावों को नकारा
तेजस्वी यादव के उस दावे पर कि "भ्रष्टाचार की वजह से सरकार का खजाना खाली हो गया है और कर्मचारियों को वेतन देने के पैसे नहीं बचेंगे", अशोक चौधरी ने उन्हें चिंता न करने की सलाह दी । उन्होंने स्पष्ट किया कि बिहार सरकार अपने कर्मचारियों के हितों के प्रति पूरी तरह सजग है और वेतन को लेकर किसी भी तरह का संकट नहीं आने वाला है ।
सुशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली का बचाव
मंत्री ने जोर देकर कहा कि बिहार में 'सुशासन' की सरकार है और पुलिस अपना काम पूरी तत्परता से कर रही है । उन्होंने बताया कि राज्य में प्रति व्यक्ति आय 7,000 से बढ़कर 68,000 रुपये तक पहुँच गई है और गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले लोगों की संख्या में भारी गिरावट आई है । उन्होंने कहा कि विपक्ष सदन में जवाब सुनने के बजाय सिर्फ शोर मचाने और घिसी-पिटी बातें करने में विश्वास रखता है।
Report - abhijit singh