ATM In India: ATM से पैसे निकालने वालों के लिए अलर्ट! हड़ताल से कई मशीनें हो सकती हैं खाली

ATM In India: ATM में कैश भरने वाले कर्मचारियों की हड़ताल के कारण दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कई इलाकों में एटीएम सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। जानिए हड़ताल की वजह और इसका लोगों पर क्या असर पड़ेगा।

ATM In India: आज के समय में ज्यादातर लोग नकद पैसे लेकर चलने के बजाय ऑनलाइन भुगतान करना पसंद करते हैं। यूपीआई, डेबिट कार्ड और मोबाइल बैंकिंग के बढ़ते इस्तेमाल के कारण लोगों की कैश पर निर्भरता पहले की तुलना में कम हुई है। हालांकि, कई जगहों पर अभी भी नकद पैसे की जरूरत पड़ती है। ऐसे समय में एटीएम लोगों के लिए सबसे आसान और भरोसेमंद विकल्प होता है, लेकिन आने वाले दिनों में एटीएम से पैसे निकालने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसकी वजह यह है कि देश के कुछ राज्यों में एटीएम में कैश भरने का काम करने वाले कर्मचारियों ने हड़ताल शुरू कर दी है।

कर्मचारियों का कहना है कि उनकी सैलरी में बढ़ोतरी की जाए। वे लंबे समय से वेतन बढ़ाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्होंने हड़ताल का रास्ता चुना है। कर्मचारियों का मानना है कि बढ़ती महंगाई और काम के बढ़ते दबाव के बीच मौजूदा वेतन पर्याप्त नहीं है।  इस हड़ताल का असर फिलहाल दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में सबसे ज्यादा देखा जा रहा है। इन राज्यों में कई एटीएम में कैश भरने का काम प्रभावित हो सकता है। यदि हड़ताल लंबे समय तक जारी रहती है, तो एटीएम में नकदी की कमी होने की आशंका बढ़ जाएगी और लोगों को पैसे निकालने में दिक्कत हो सकती है।

सरकारी बैंकों के एटीएम पर असर

एक्सपर्ट्स का कहना है कि इस हड़ताल का असर उन एटीएम पर ज्यादा पड़ सकता है जिनका कैश मैनेजमेंट निजी कंपनियों के माध्यम से किया जाता है। यदि समय रहते समाधान नहीं निकाला गया तो कई एटीएम खाली हो सकते हैं। इसका सीधा असर आम लोगों पर पड़ेगा, खासकर उन लोगों पर जो रोजमर्रा के खर्चों के लिए नकद पैसे पर निर्भर हैं। सरकारी बैंकों के एटीएम पर भी इसका असर पड़ सकता है। सरकारी बैंकों का एटीएम नेटवर्क काफी बड़ा होता है और बड़ी संख्या में लोग इन एटीएम का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में यदि कैश भरने की प्रक्रिया प्रभावित होती है, तो अधिक संख्या में एटीएम खाली हो सकते हैं।

कैश मैनेजमेंट सेवाएं देने वाली प्रमुख कंपनी

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कैश मैनेजमेंट सेवाएं देने वाली प्रमुख कंपनियों Hitachi Payment Services और CMS Info Systems के कर्मचारियों ने हड़ताल शुरू की है। ये दोनों कंपनियां देशभर में बड़ी संख्या में एटीएम में नकदी पहुंचाने और उन्हें संचालित रखने का काम करती हैं। इस मामले पर CATMi (Confederation of ATM Industry) ने भी चिंता जताई है। संगठन ने पिछले महीने Indian Banks Association को पत्र लिखकर बताया था कि एटीएम नेटवर्क पर लगातार दबाव बढ़ रहा है। CATMi ने बैंकों से इस मुद्दे का जल्द समाधान निकालने की अपील की थी। संगठन का कहना है कि नए वेज कोड लागू होने और ईंधन की बढ़ती कीमतों के कारण एटीएम संचालन की लागत लगभग 20 प्रतिशत तक बढ़ गई है। बढ़ी हुई लागत और कर्मचारियों की मांगों के बीच पैदा हुए विवाद के कारण यह स्थिति सामने आई है।

एटीएम सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं

अगर जल्द ही कर्मचारियों और संबंधित कंपनियों के बीच समझौता नहीं होता है तो आने वाले दिनों में कई जगहों पर एटीएम सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। ऐसे में लोगों को जरूरत के अनुसार पहले से नकद राशि की व्यवस्था कर लेने और डिजिटल भुगतान के विकल्प तैयार रखने की सलाह दी जा रही है।