दो दिन से लापता युवक की झाड़ियों में मिली लाश, चेहरे पर चोट के निशान,गयाजी में सनसनी
Bihar Crime: गयाजी शहर में एक 25 वर्षीय युवक का शव झाड़ियों से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। ...
Bihar Crime: गयाजी शहर में एक 25 वर्षीय युवक का शव झाड़ियों से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। युवक पिछले दो दिनों से लापता था और परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। चेहरे पर मिले चोट के निशानों ने मौत को संदिग्ध बना दिया है। प्रथम दृष्टया पुलिस हत्या की आशंका से इनकार नहीं कर रही है और पूरे मामले की हर पहलू से तफ्तीश शुरू कर दी गई है।
यह सनसनीखेज मामला गया जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित पंचैतिया अखाड़ा इलाके का है। स्थानीय लोगों ने झाड़ियों में एक युवक का शव पड़ा देखा, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान सुमित कुमार के रूप में हुई है, जो गया शहर के किरानी घाट मोहल्ले का निवासी बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, सुमित पिछले दो दिनों से लापता था। परिजन उसकी तलाश में लगातार जुटे हुए थे और उसकी गुमशुदगी की सूचना भी कोतवाली थाना पुलिस को दे चुके थे। पुलिस भी युवक की तलाश में विभिन्न संभावित स्थानों पर खोजबीन कर रही थी।इसी बीच पंचैतिया अखाड़ा की झाड़ियों में युवक का शव मिलने से पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया। पुलिस के मुताबिक, शव के चेहरे पर चोट के स्पष्ट निशान पाए गए हैं। यही वजह है कि मौत को संदिग्ध मानते हुए हत्या की आशंका के एंगल से भी जांच की जा रही है। हालांकि, मौत की असली वजह का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया है। फॉरेंसिक रिपोर्ट और पोस्टमार्टम के आधार पर यह स्पष्ट होगा कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसके शरीर पर मिले चोट के निशान दुर्घटना के हैं या किसी आपराधिक वारदात का हिस्सा।
कोतवाली थाना पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने, मृतक की कॉल डिटेल और पिछले दो दिनों की गतिविधियों की भी जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक आखिरी बार किन लोगों के संपर्क में था और वह घटनास्थल तक कैसे पहुंचा।फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हत्या की पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन परिस्थितियों और शव पर मिले चोट के निशानों को देखते हुए पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट- मनोज कुमार