Patna Police: पटना पुलिस पर हमला पड़ा भारी! राजधानी में 18 आरोपी गिरफ्तार, आंधी-बारिश के बाद 1 की मौत पर बवाल में सख्त एक्शन, राजधानी में मचा हड़कंप
Patna Police: पटना में पुलिस पर हमला करने वालों के खिलाफ अब राजधानी पुलिस ने बड़ा और सख्त कदम उठाया है।..
Patna Police: पटना में पुलिस पर हमला करने वालों के खिलाफ अब राजधानी पुलिस ने बड़ा और सख्त कदम उठाया है। गर्दनीबाग थाना क्षेत्र में हुई हिंसक घटना के मामले में पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए अब तक कुल 18 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस साफ संदेश देने की कोशिश में है कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
पूरा मामला 8 मई का बताया जा रहा है, जब राजधानी में तेज आंधी और बारिश के दौरान गर्दनीबाग थाना क्षेत्र के रोड नंबर-1 में एक बड़ा पेड़ अचानक गिर पड़ा था। हादसे में दो लोग पेड़ के नीचे दब गए थे। घटना की सूचना मिलते ही पटना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने दोनों घायलों को बाहर निकाला, लेकिन इस दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
इसी बीच मौके पर मौजूद कुछ स्थानीय लोग भड़क उठे और देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि गुस्साए लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की, मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने की कोशिश की गई। घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए गर्दनीबाग थाना पुलिस ने तुरंत एफआईआर दर्ज की और वायरल वीडियो, स्थानीय इनपुट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू की। इसके बाद लगातार छापेमारी कर अब तक 18 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अन्य संदिग्धों की तलाश में भी जुटी हुई है।
सूत्रों के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हमला अचानक हुआ या इसके पीछे किसी तरह की साजिश थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आपदा और राहत कार्य के दौरान पुलिस पर हमला बेहद गंभीर अपराध है और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को छोड़ा नहीं जाएगा।
इस घटना ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था और भीड़ के बढ़ते आक्रोश पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस पुलिस टीम ने जान बचाने के लिए मौके पर राहत कार्य चलाया, उसी पर हमला होना राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नई बहस छेड़ रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है और जल्द ही और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।
रिपोर्ट- अनिल कुमार