Anant Singh News: बेऊर जेल में बंद बाहुबली विधायक अनंत सिंह का वीडियो वायरल, राजद नेता ने सीएम नीतीश को घेरा, मचा बवाल

Anant Singh News: अगल-बगल समर्थकों की भीड़, हाथों में सिगरेट, अस्पताल में धुआं उड़ाते बाहुबली विधायक अनंत सिंह...सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। राजद जमकर हमलावर भी है। राजद ने अनंत सिंह को सीएम नीतीश का दुलारा खलनायक बताया है।

अनंत सिंह का वीडियो वायरल - फोटो : social media

Anant Singh News: बिहार के मोकामा के बाहुबली नेता और जदयू विधायक अनंत सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार अनंत सिंह अपने जमानत याचिका को लेकर चर्चे में नहीं हैं बल्कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं। अनंत सिंह फिलहाल बेऊर जेल में बंद है। चुनावी झड़प में दुलारचंद यादव की हुई मौत मामले में अनंत सिंह जेल में बंद हैं। इसी बीच उनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। उनके इस वीडियो को राजद प्रवक्ता प्रियंका भारती ने भी अपने सोशल मीडिया पर साझा किया है। साथ ही बड़ा हमला भी बोला है। 

बाहुबली विधायक अनंत सिंह का वीडियो वायरल 

वीडियो में अनंत सिंह अस्पताल परिसर में सिगरेट पीते नजर आ रहे हैं। वीडियो में "नायक नहीं खलनायक है तू" सॉन्ग बैकग्राउंड में बज रहा है। जानकारी अनुसार अनंत सिंह का यह वीडियो पटना के आईजीआईएमएस अस्पताल परिसर का है। वीडियो में अनंत सिंह समर्थकों से घिरे हुए दिख रहे हैं वहीं इस दौरान उनके हाथों में एक सिगरेट भी है जो पीते हुए अनंत सिंह अस्पताल से बाहर निकल रहे हैं। वीडियो में अस्पताल के सुरक्षाकर्मी भी दिख रहे हैं लेकिन कोई अनंत सिंह को रोकता नहीं है और अनंत सिंह सिगरेट पीते हुए लिफ्ट में जाते हुए दिख रहे हैं। 

सीएम नीतीश का दुलारा खलनायक 

वीडियो सामने आने के बाद राजद नेताओं की तीखी प्रतिक्रिया भी सामने आ रही है। राजद नेता नीतीश सरकार के कानून व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। साथ ही आरोप लगा रहे हैं कि जेल में बंद होने के बावजूद अनंत सिंह को VIP ट्रीटमेंट दिया जा रहा है। इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर शुभम सिंह नामक यूजर ने साझा किया है जिसे प्रियंका भारती ने अपने सोशल मीडिया पर शेयर कर हमला बोला है। प्रियंका भारती ने लिखा है कि, "नायक नहीं खलनायक है तू..."सुशासन को धुएं में उड़ाता हुआ अनंत सिंह ! नीतीश जी का दुलारा खलनायक अस्पताल में सिगरेट पीते हुए रीलबाजी कर रहे है !"

बेऊर जेल में बंद हैं छोटे सरकार 

गौरतलब हो कि अनंत सिंह फिलहाल बेऊर जेल में बंद हैं। दुलारचंद हत्याकांड मामले में उन्हें अब तक जमानत नहीं मिली है। 2025 के विधानसभा चुनाव में पहले चरण की वोटिंग से 6 दिन पहले मोकामा में चुनावी झड़प देखने को मिला। इस दौरान अनंत सिंह और जनसुराज प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी के समर्थकों में हिंसक झड़प हुई इस दौरान दुलारचंद यादव की मौत हो गई। पुलिस ने जांच में पाया कि अनंत सिंह की मौजूदगी में घटना को अंजाम दिया गया है ऐसे में अनंत सिंह की गिरफ्तारी हुई और वो फिलहाल जेल में बंद हैं। हालांकि स्वास्थ्य कारणों से समय समय पर अनंत सिंह को मेडिकल चेकअप के लिए IGIMS लाया जाता है, बताया जा रहा है कि वीडियो इसी दौरान का है। हालांकि News4Nation इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।