बिहार पुलिस पर लोजपा विधायक का वार: 'बिना जांच के एक दर्जन को भरा जेल', कार्रवाई पर भड़के, गृह मंत्री सम्राट चौधरी से की थानेदार की शिकायत!

सालिमपुर पुलिस की 'मनमानी' पर भड़के विधायक अरुण साह। बिना जांच 10+ गिरफ्तारियों का विरोध, गृह मंत्री सम्राट चौधरी से शिकायत कर दी आंदोलन की चेतावनी।

Patna - बाढ़ अनुमंडल के सालिमपुर थाना क्षेत्र में पुलिस टीम पर हुए हमले और उसके बाद हुई गिरफ्तारियों ने अब राजनीतिक मोड़ ले लिया है। इस मामले में बख्तियारपुर के लोजपा विधायक अरुण साह खुद मैदान में उतर आए हैं और पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। 

बिना जांच के गिरफ्तारी का विरोध

लोजपा विधायक अरुण साह शनिवार को सालिमपुर थाना पहुंचे और 10 से अधिक लोगों की गिरफ्तारी पर कड़ा विरोध दर्ज कराया। विधायक का आरोप है कि पुलिस ने बिना किसी गहन अनुसंधान (Investigation) के ही एक दर्जन लोगों को हिरासत में ले लिया है। उन्होंने पुलिस की इस जल्दबाजी को गलत बताया और निष्पक्ष जांच की मांग की। क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को लखीपुर निवासी कन्हैया शर्मा का शव गंगा नदी से बरामद हुआ था। परिजन शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए बाढ़ गए थे। इसी दौरान सालिमपुर थाना की गाड़ी पर हमले की घटना हुई, जिसमें पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। पुलिस ने इस हमले के आरोप में ताबड़तोड़ छापेमारी कर कई लोगों को गिरफ्तार कर लिया। विधायक का कहना है कि जिस घर में मातम है, पुलिस ने उन्हीं के समाज और परिवार के लोगों को बिना जांच के पकड़ लिया है, जो सरासर गलत है। 

सम्राट चौधरी से की गई शिकायत

विधायक अरुण साह ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए बिहार के उपमुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी से भी संपर्क किया है। उन्होंने गृह मंत्री को सालिमपुर थानाध्यक्ष की कार्यशैली और बिना जांच के हो रही गिरफ्तारियों से अवगत कराया है। विधायक ने चेतावनी दी है कि यदि निर्दोषों को नहीं छोड़ा गया और मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई, तो वे कार्यकर्ताओं के साथ धरना देने पर मजबूर होंगे। 

जेल भेजने की तैयारी में पुलिस

दूसरी ओर, पुलिस अपनी कार्रवाई पर अडिग है। पुलिस पर हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किए गए लोगों का बाढ़ में मेडिकल परीक्षण (Medical Examination) कराया गया है। पुलिस प्रशासन इन आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी करने में जुटा है।

Report - Ravi shankar