प्लास्टिक मुक्त होगा पटना! नगर निगम के विशेष अभियान की तारीख तय, पॉलीथिन, प्लास्टिक कप- प्लेट, स्ट्रॉ पकड़ाए तो भारी जुर्माना
पटना को कचरा मुक्त और विशेषकर सिंगल-यूज प्लास्टिक की बिक्री और उपयोग पर रोक लगाने के लिए नगर निगम की ओर से 15 अगस्त से एक विशेष अभियान की शुरुआत की जा रही है.
Plastic ban Patna: प्लास्टिक मुक्त पटना के सपने को साकार करने के लिए पटना नगर निगम 15 अगस्त से एक विशेष अभियान चला रहा है। इसमें विशेष तौर पर सिंगल-यूज प्लास्टिक की बिक्री और उपयोग पर सख्ती से रोक लगाई जाएगी और उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा। पटना नगर निगम शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए विशेष स्वच्छता अभियान शुरू करने जा रहा है। 'कचरे से आज़ादी' थीम पर आधारित यह अभियान 15 अगस्त, स्वतंत्रता दिवस से शुरू होकर 2 अक्टूबर, गांधी जयंती तक चलेगा।
नगर निगम के अनुसार, इस दौरान वार्ड स्तर पर जोनल और नोडल अधिकारियों की देखरेख में स्वच्छता टीमें गठित की जाएंगी, जो प्रतिदिन निगरानी रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगी। इसमें न केवल सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को पूरी तरह से रोकना शामिल होगा बल्कि शहर को स्वच्छ बनाने के लिए अन्य प्रकार के अभियान भी चलाए जाएंगे। इसके लिए छह विशेष स्वच्छता अभियान तय किया गया है।
जान लीजिये पूरा नियम
नो प्लास्टिक फैंटास्टिक: पॉलीथिन, प्लास्टिक कप, प्लेट, स्ट्रॉ आदि सिंगल-यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध रहेगा। आमजन को जागरूक करने के साथ-साथ नियम तोड़ने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा।
येलो स्पॉट उन्मूलन: खुले में पेशाब करने की समस्या से निपटने के लिए निगरानी व्यवस्था को सख्त किया जाएगा और चिन्हित स्थानों पर सफाई के साथ जनजागरूकता फैलाई जाएगी।
जीवीपी (Garbage Vulnerable Point) प्रबंधन: कूड़ा जमा होने वाले स्थलों पर रैली, स्वच्छता ड्राइव और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
प्राइवेट लैंड सफाई: निजी जमीनों पर जमा कचरे की विशेष सफाई कराई जाएगी और ज़मीन मालिकों को स्वच्छता के नियमों से अवगत कराया जाएगा।
काली सूची: सार्वजनिक स्थलों पर कचरा फेंकने वालों की सूची तैयार कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सड़क शत्रु अभियान: सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वाले प्रतिष्ठानों और व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें ‘सड़क शत्रु’ का टैग दिया जाएगा।
नागरिकों से सहयोग की अपील
पटना नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे कचरा केवल निर्धारित डस्टबिन में ही डालें और प्लास्टिक उपयोग से बचें। किसी भी प्रकार की गंदगी या उल्लंघन की सूचना नगर निगम की हेल्पलाइन 155304 या व्हाट्सएप चैटबोट के माध्यम से दी जा सकती है।