बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव: शाम 5 बजे तक 33.57% मतदान, धीमी रफ्तार के बीच उत्साह बरकरार

Patna : बिहार की राजधानी पटना की सबसे चर्चित और वीआईपी मानी जाने वाली बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान संपन्न हो रहा है। सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग के दौरान हालांकि रफ्तार थोड़ी धीमी रही, लेकिन मतदाताओं में उत्साह साफ देखा गया। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक शाम 5 बजे तक बांकीपुर क्षेत्र में कुल 33.57 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।


इस उपचुनाव में कुल 3,79,471 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं, जिनमें 2,00,060 पुरुष, 1,79,533 महिला और 23 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा 85 वर्ष से अधिक उम्र के 3,166 बुजुर्ग और 1,024 दिव्यांग मतदाताओं के लिए बूथों पर व्हीलचेयर समेत अन्य विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।


शांतिपूर्ण और पारदर्शी चुनाव कराने के लिए प्रशासन ने कुल 422 मतदान केंद्र बनाए हैं, जिनमें 247 सरकारी, 175 निजी भवनों में और 9 चलंत (मोबाइल) बूथ शामिल हैं। चुनाव आयोग ने सभी बूथों पर वेबकास्टिंग व लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था की है, जिसके माध्यम से जिला प्रशासन और निर्वाचन विभाग का कंट्रोल रूम हर गतिविधि पर पल-पल नजर रख रहा है।


चुनावी दौड़ की बात करें तो शुरुआत में कुल 40 उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिल किया था। स्क्रूटनी के दौरान 14 प्रत्याशियों के नामांकन रद्द हो गए और एक उम्मीदवार द्वारा नाम वापस लेने के बाद अब अंतिम रूप से 25 प्रत्याशी चुनावी मैदान में आमने-सामने हैं। आचार संहिता के कड़े पालन के लिए प्रत्येक उम्मीदवार के एजेंटों को केवल 3 वाहनों की ही अनुमति दी गई है।


राजनीतिक दृष्टिकोण से बेहद खास इस सीट पर कई दिग्गजों की साख दांव पर लगी है। संवेदनशील बूथों पर सुरक्षा बलों और मजिस्ट्रेट की अतिरिक्त तैनाती के बीच वोटिंग की प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है। अब देखना दिलचस्प होगा कि बांकीपुर की जनता किस प्रत्याशी के सिर जीत का सेहरा सजाती है।