बांकीपुर उपचुनाव शांतिपूर्ण संपन्न: 25 उम्मीदवारों की किस्मत EVM में कैद, 34.30% मतदान, 14.20 लाख नकद और मादक पदार्थ जब्त
बांकीपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में उपचुनाव की मतदान की प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में संपन्न हो गई। चुनाव आयोग के अनुसार कुल 34.30 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई है....
Patna : बिहार के 182-बांकीपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में उपचुनाव के लिए 30 जुलाई 2026 को मतदान की प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में संपन्न हो गई। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी अंतिम आंकड़ों के अनुसार, सुबह 7:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक चले इस मतदान में कुल 34.30 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई है।
3.79 लाख से अधिक मतदाताओं के लिए बनाए गए थे 20 मॉडल, 2 महिला-संचालित और 1 दिव्यांग-संचालित बूथ
क्षेत्र के कुल 3,79,616 मतदाताओं (जिनमें 2,00,060 पुरुष, 1,79,533 महिला और 23 थर्ड जेंडर शामिल हैं) के लिए कुल 422 मतदान केंद्र और 162 मतदान केंद्र स्थल बनाए गए थे। चुनावी मैदान में अंतिम रूप से 25 अभ्यर्थी (23 पुरुष और 2 महिलाएं) अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी 422 बूथों पर लाइव वेबकास्टिंग कराई गई। इसके साथ ही 20 मॉडल मतदान केंद्र, 2 महिला-संचालित बूथ और 1 दिव्यांग-संचालित (PwD) बूथ भी तैयार किया गया था।
14 कंपनी CAPF, 8 कंपनी BSAP और 888 जिला पुलिस बलों की रही तैनाती, 800 घुड़सवारों ने संभाला मोर्चा
सुरक्षा के दृष्टिकोण से जिला प्रशासन एवं पुलिस ने अभूतपूर्व इंतजाम किए थे। चुनाव को संपन्न कराने के लिए 14 कंपनी CAPF (केंद्रीय बल), 8 कंपनी BSAP और 888 जिला पुलिस बल के जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। इसके अलावा दियारा व दूरदराज के क्षेत्रों में गश्त के लिए 800 घुड़सवार पुलिस बल तैनात रहे। आपात स्थिति से निपटने के लिए 112 की ERV गाड़ियों और ड्रोन से लगातार निगरानी की गई।
14.20 लाख नकद और मादक पदार्थ जब्त
चुनावी प्रक्रिया के दौरान अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाते हुए FST, SST एवं CAPF की संयुक्त टीमों द्वारा 14,20,418 मूल्य की 2612.18 लीटर अवैध शराब, 28,000 मूल्य का 01.98 ग्राम मादक पदार्थ (ड्रग्स) और 3,98,000 नगद राशि जब्त की गई। साथ ही, चुनाव को प्रभावित करने की आशंका के तहत 2,634 असमाजिक तत्वों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की गई और 555 गैर-जमानती वारंटों (NBW) का निष्पादन कराया गया।
आदर्श आचार संहिता उल्लंघन पर 2,634 लोगों पर निवारणात्मक कार्रवाई, मतदान के दिन 23 लोग गिरफ्तार/निरुद्ध
सोशल मीडिया पर भ्रामक व अफवाह फैलाने वाली 2,627 पोस्ट्स पर लगातार नजर रखकर उनका खंडन किया गया। आचार संहिता उल्लंघन के कुल 8 मामले दर्ज किए गए, जबकि मतदान के दिन गड़बड़ी की आशंका और अद्यतन जानकारी के आधार पर 23 व्यक्तियों को गिरफ्तार/निरुद्ध किया गया। मतदान समाप्ति के साथ ही सभी ईवीएम मशीनों को कड़ी सुरक्षा में स्ट्रांग रूम में सील कर दिया गया है।
रंजन की रिपोर्ट