बांकीपुर उपचुनाव: 40 साल बाद लालजी टोला में खुला बीजेपी का चुनावी कार्यालय, मंत्री नीतीश मिश्र ने किया उद्घाटन

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर पटना के लालजी टोला में बीजेपी का नया चुनावी कार्यालय खोल दिया गया है। करीब 40 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद इस क्षेत्र में पार्टी का चुनावी दफ्तर शुरू हुआ है.....

लालजी टोला में खुला बीजेपी का चुनावी कार्यालय- फोटो : नरोत्तम कुमार

Patna : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर पटना के लालजी टोला में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का नया चुनावी कार्यालय खोल दिया गया है। करीब 40 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद इस क्षेत्र में पार्टी का चुनावी दफ्तर शुरू हुआ है, जिससे स्थानीय कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। यह कार्यालय बीजेपी प्रत्याशी नीरज सिन्हा के चुनावी प्रचार-प्रसार और रणनीतिक गतिविधियों का मुख्य केंद्र बनेगा।


नीरज सिन्हा की प्रचंड जीत का दावा

कार्यालय के उद्घाटन समारोह में बिहार सरकार के मंत्री नीतीश मिश्र मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए बांकीपुर सीट पर बीजेपी प्रत्याशी नीरज सिन्हा की प्रचंड जीत का दावा किया। नीतीश मिश्र ने कहा कि लोकप्रिय नेता नितिन नवीन के सम्मान में इस बार समाज के सभी वर्गों के लोग एकजुट होकर बीजेपी के साथ खड़े हैं।


चुनावी दौड़ मे कही नहीं है पीके

कार्यक्रम के दौरान राजनीतिक बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए नीतीश मिश्र ने जन सुराज के संयोजक प्रशांत किशोर पर भी तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जो लोग चुनावी मुकाबले की दौड़ में शामिल ही नहीं हैं, वे अनर्गल आरोप लगाते रहेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता विकास के मुद्दों पर वोट करेगी और विरोधी दलों के बयानों का चुनाव पर कोई असर नहीं पड़ेगा।


कार्यक्रम में उपस्थित लोगों और बीजेपी कार्यकर्ताओं ने सुनी पीएम की मन की बात

उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान एक विशेष सत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' को भी उपस्थित लोगों और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से सुना। प्रधानमंत्री के संदेशों को सुनने के बाद कार्यकर्ताओं ने आगामी चुनाव में पूरी ताकत झोंक देने का संकल्प लिया।


इस भव्य उद्घाटन समारोह में क्षेत्रीय विधायक विजय खेमका, वीरेंद्र सिंह सहित पार्टी के कई अन्य प्रमुख नेता और विधायक भी मौजूद रहे। नेताओं ने कार्यालय पहुंचकर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


नरोत्तम की रिपोर्ट