बांकीपुर उपचुनाव: दोपहर 1 बजे तक सिर्फ 20.01% मतदान, राजद-बीजेपी उम्मीदवार ने डाला वोट, इनकी बढ़ी टेंशन

बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र का इतिहास कम वोटिंग का रहा है। शहरी इलाका होने के कारण पहले भी यहाँ मतदाताओं की वोटिंग को लेकर उदासीनता रही है। ऐसे में दोपहर एक बजे तक 20 फीसदी मतदान क्षेत्र के पुराने ढर्रे को ही दर्शा रहा है

Bankipur by-election- फोटो : news4nation

Bankipur by-election:  राजधानी पटना की प्रतिष्ठित बांकीपुर विधानसभा सीट पर गुरुवार को हो रहे उपचुनाव में मतदान लगातार रफ्तार पकड़ रहा है। सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग के बाद समय के साथ मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या बढ़ती जा रही है। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार दोपहर 1 बजे तक कुल 20.01 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। इससे पहले सुबह 9 बजे तक 4.61 प्रतिशत और 11 बजे तक 11.50 प्रतिशत मतदान हुआ था। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें देखी जा रही हैं। चुनाव आयोग और जिला प्रशासन को उम्मीद है कि दोपहर बाद मतदान में और तेजी आएगी तथा अंतिम मतदान प्रतिशत पिछले चुनाव की तुलना में बेहतर रह सकता है।


बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को बिहार की राजनीति के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। भाजपा के मजबूत गढ़ मानी जाने वाली इस सीट पर इस बार भाजपा के नीरज कुमार सिन्हा, राजद की रेखा गुप्ता और जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर के बीच सीधा मुकाबला है। राजनीतिक जानकारों के अनुसार यह चुनाव भाजपा के लिए अपनी परंपरागत सीट बचाने की चुनौती है, जबकि प्रशांत किशोर के लिए इसे उनकी राजनीतिक साख की बड़ी परीक्षा माना जा रहा है।


हालांकि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र का इतिहास कम वोटिंग का रहा है। शहरी इलाका होने के कारण पहले भी यहाँ मतदाताओं की वोटिंग को लेकर उदासीनता रही है। ऐसे में दोपहर एक बजे तक 20 फीसदी मतदान होने से उम्मदीवारो को फिर से यह महसूस होने लगा है कि इस बार भी मुकाबला नजदीकी हो सकता है। 


वहीं, मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर केंद्रीय अर्धसैनिक बल, बिहार पुलिस और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल लगाए गए हैं, जबकि वेबकास्टिंग, सीसीटीवी निगरानी और उड़नदस्ता दल लगातार चुनाव प्रक्रिया पर नजर बनाए हुए हैं। शाम 6 बजे तक मतदान जारी रहेगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।