बांकीपुर का सियासी रण गर्माया, तेजस्वी बनाम नितिन नवीन की हुंकार, प्रशांत किशोर ने मुकाबले को बनाया त्रिकोणीय

Bankipur Bypoll: पटना की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर चुनावी जंग अब पूरी तरह तेज हो चुकी है।...

बांकीपुर का सियासी रण गर्माया- फोटो : Hiresh Kumar

Bankipur Bypoll: पटना की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर चुनावी जंग अब पूरी तरह तेज हो चुकी है। इस बार मुकाबला सिर्फ दो दलों के बीच नहीं, बल्कि त्रिकोणीय बनता नजर आ रहा है। राजद ने जहां रेखा कुमारी गुप्ता को मैदान में उतारा है, वहीं भाजपा की ओर से नीरज कुमार सिंह चुनावी मैदान में हैं। दूसरी तरफ जन सुराज के उम्मीदवार प्रशांत किशोर की सक्रियता ने मुकाबले में नया रोमांच भर दिया है।

उपचुनाव को लेकर सभी दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। करीब 24 दिनों के विदेश दौरे के बाद रविवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पटना लौटे और आते ही चुनाव प्रचार की कमान संभाल ली। राजद इसे आखिरी दौर का बड़ा सियासी दांव मानकर चल रहा है।

तेजस्वी यादव आज राजद प्रत्याशी रेखा कुमारी गुप्ता के समर्थन में करीब 4 किलोमीटर लंबा रोड शो करेंगे। रोड शो दोपहर 1 बजे मीठापुर स्थित राजद प्रधान कार्यालय से शुरू होगा, जो चिरैया टांड़ पुल होते हुए सब्जीबाग चौराहे पर जाकर समाप्त होगा। इस दौरान तेजस्वी यादव कई जगह नुक्कड़ सभाओं को संबोधित कर मतदाताओं से राजद के पक्ष में मतदान की अपील करेंगे।

राजद के इस शक्ति प्रदर्शन के जवाब में भाजपा भी पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतर रही है। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री नितिन नवीन भी आज बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में रोड शो करेंगे। उनके साथ एनडीए उम्मीदवार नीरज कुमार सिंह मौजूद रहेंगे। भाजपा का रोड शो दोपहर 3 बजे भट्टाचार्य मोड़ से शुरू होकर मोना सिनेमा हॉल के पास समाप्त होगा।रोड शो के बाद मोना सिनेमा हॉल के समीप जनसभा आयोजित की जाएगी, जिसमें उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत भाजपा के कई बड़े नेता शामिल होंगे। भाजपा का दावा है कि एनडीए प्रत्याशी को शहरी मतदाताओं का मजबूत समर्थन मिल रहा है।

वहीं, प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी इस चुनाव को अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने के मौके के तौर पर देख रही है। प्रशांत किशोर की लगातार सक्रियता और उनके अभियान ने बांकीपुर के मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है। वह पारंपरिक राजनीतिक दलों के खिलाफ बदलाव और नए विकल्प का मुद्दा उठा रहे हैं।28 जुलाई की शाम चुनाव प्रचार का शोर थम जाएगा, जबकि 30 जुलाई को मतदान होना है। ऐसे में आखिरी 48 घंटे सभी राजनीतिक दलों के लिए बेहद अहम माने जा रहे हैं। तेजस्वी यादव का रोड शो जहां राजद के लिए शक्ति प्रदर्शन है, वहीं भाजपा भी नितिन नवीन के जरिए अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश में जुटी है।

अब देखने वाली बात होगी कि बांकीपुर की जनता किसके सियासी दांव पर भरोसा जताती है। मुकाबला जितना दिलचस्प दिख रहा है, उतना ही परिणाम को लेकर राजनीतिक गलियारों में कयासों का दौर भी तेज हो गया है।

ब्यूरो रिपोर्ट