पटना में आज के लिए नया ट्रैफिक प्लान लागू,कई मार्ग बंद, घर से निकलने से पहले जानिए किन रास्तों से मिलेगी एंट्री

Patna Traffic: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की मतगणना को लेकर जिला प्रशासन और यातायात पुलिस ने व्यापक इंतज़ाम किए हैं।...

नया ट्रैफिक प्लान लागू- फोटो : social Media

Patna Traffic: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की मतगणना को लेकर जिला प्रशासन और यातायात पुलिस ने व्यापक इंतज़ाम किए हैं। पटना के एएन कॉलेज में सोमवार सुबह 8 बजे से शुरू हुई मतगणना के मद्देनज़र शहर में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया गया है। आम नागरिकों को जाम से राहत देने और मतगणना प्रक्रिया को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई है।

यातायात पुलिस के निर्देशानुसार सोमवार सुबह 5 बजे से मतगणना समाप्त होने तक बोरिंग रोड चौराहा से एएन कॉलेज की ओर सभी प्रकार के सामान्य वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा मोहिनी मोड़ से सहदेव महतो मार्ग तक भी आम वाहनों के संचालन पर रोक लगा दी गई है। प्रशासन ने लोगों से इन मार्गों से बचने और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की अपील की है।

मतगणना में शामिल अभ्यर्थियों, उनके अभिकर्ताओं और अधिकृत वाहनों के लिए अलग व्यवस्था की गई है। नेहरू पथ से हड़ताली चौक, दीघा, आर ब्लॉक और अटल पथ होते हुए वाहन एएन कॉलेज के पीछे तक पहुंच सकेंगे। वहां अटल पथ के किनारे एक लेन में वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है, ताकि मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित न हो।

वहीं, कुर्जी और पाटलिपुत्र गोलंबर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए सहयोग अस्पताल के समीप स्थित खाली मैदान को पार्किंग स्थल बनाया गया है। इन वाहनों को बोरिंग रोड में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। इसी प्रकार नेहरू पथ और हड़ताली मोड़ की ओर से आने वाले उम्मीदवारों की गाड़ियां केवल तपस्या मोड़ तक ही जा सकेंगी। इसके बाद उन्हें सहदेव महतो मार्ग या दरोगा राय पथ पर वाहन खड़ा कर पैदल एएन कॉलेज तक जाना होगा।

प्रशासन का कहना है कि इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य मतगणना के दौरान सुरक्षा, सुचारु यातायात और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। पुलिस ने आम लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वे अनावश्यक रूप से एएन कॉलेज और उसके आसपास के क्षेत्रों में जाने से बचें तथा जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें। इससे मतगणना प्रक्रिया भी निर्बाध रूप से पूरी हो सकेगी और शहर में जाम की स्थिति से भी राहत मिलेगी।