अब होगी कार्रवाई ! बांकीपुर में हार के बाद एक्शन मोड में बीजेपी, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक साथ कई नेताओं को बुलाया

भाजपा ने जिन नेताओं और कार्यकर्ताओं को चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, उनसे भी अलग-अलग फीडबैक लिया गया। बैठक में यह जानने की कोशिश की गई कि आखिर पार्टी को अपनी परंपरागत सीट पर हार का सामना क्यों करना पड़ा।

Bankipur Bypoll Defeat- फोटो : news4nation

Bankipur Bypoll Defeat:  बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में मिली करारी हार के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एक्शन मोड में आ गई है। चुनाव परिणाम आने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मौजूदगी में भाजपा प्रदेश कार्यालय में अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई है। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, कई वरिष्ठ मंत्री, संगठन के पदाधिकारी और बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के मंडल अध्यक्षों को भी बुलाया गया है।


सूत्रों के अनुसार, जिन नेताओं और कार्यकर्ताओं को चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, उनसे भी अलग-अलग फीडबैक लिया गया। बैठक में यह जानने की कोशिश की गई कि आखिर पार्टी को अपनी परंपरागत सीट पर हार का सामना क्यों करना पड़ा। इस दौरान बूथ स्तर की स्थिति, संगठन की सक्रियता, स्थानीय मुद्दे, जनता की नाराजगी, चुनावी रणनीति और सामाजिक समीकरणों पर विस्तार से चर्चा प्रमुख है।


किसके कारण हुई हार 

बैठक में इस बात पर भी मंथन हुआ कि क्या सरकार के कामकाज को लेकर मतदाताओं में असंतोष था, या फिर जातीय और स्थानीय समीकरणों में बदलाव की वजह से पार्टी को नुकसान उठाना पड़ा। कई नेताओं ने चुनाव प्रचार के दौरान सामने आए स्थानीय मुद्दों और मतदाताओं के फीडबैक को भी साझा करना अहम है।


सूत्रों का कहना है कि समीक्षा बैठक में हार की जिम्मेदारी तय करने को लेकर भी सबसे प्रमुख चर्चा है। चुनाव संचालन से जुड़े नेताओं और संगठन के पदाधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। बैठक में मिले फीडबैक के आधार पर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को भेजी जाएगी, ताकि भविष्य की चुनावी रणनीति तय की जा सके।


बांकीपुर उपचुनाव में बड़ा झटका

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज के प्रमुख प्रशांत किशोर ने भाजपा को बड़ा झटका देते हुए शानदार जीत दर्ज की। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी को 19,324 मतों के अंतर से हराया। मतगणना के अंतिम चरण में प्रशांत किशोर को 64,151वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी उनसे काफी पीछे रह गए। यह सीट लंबे समय से भाजपा का मजबूत गढ़ मानी जाती रही है, ऐसे में इस हार को पार्टी के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है।


राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बांकीपुर उपचुनाव का परिणाम केवल एक सीट की हार नहीं, बल्कि आगामी चुनावों से पहले भाजपा के लिए एक बड़ा संदेश भी है। यही वजह है कि पार्टी नेतृत्व अब हार के कारणों की गहराई से समीक्षा कर संगठन और चुनावी रणनीति में आवश्यक बदलाव की तैयारी में जुट गया है।