बांकीपुर का रण आज होगा फैसला, सत्ता की साख, विपक्ष की उम्मीद और प्रशांत फैक्टर की असली परीक्षा का परिणाम आज, 8 बजे शुरू होगा मतगणना
Bankipur Bypoll: पटना की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव का आज फैसला होने जा रहा है। ...
Bankipur Bypoll: पटना की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव का आज फैसला होने जा रहा है। सियासी गलियारों की निगाहें एएन कॉलेज मतगणना केंद्र पर टिकी हैं, जहां सुबह सबसे पहले बैलेट पेपरों की गिनती होगी और करीब आधे घंटे बाद सुबह 8:30 बजे से ईवीएम के मतों की काउंटिंग शुरू कर दी जाएगी। मतगणना हॉल में 15 टेबल लगाए गए हैं, जिनमें 14 टेबलों पर वोटों की गिनती होगी। उम्मीद है कि सुबह 9 बजे तक शुरुआती रुझान सामने आने लगेंगे, जबकि हर राउंड के बाद निर्वाची पदाधिकारी आधिकारिक आंकड़े जारी करेंगे। अगर सब कुछ तय कार्यक्रम के अनुसार चला तो दोपहर करीब 3 बजे तक हार-जीत की तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी।
बांकीपुर का यह उपचुनाव महज़ एक सीट का मुकाबला नहीं, बल्कि बिहार की बदलती सियासत का अहम इम्तिहान बन चुका है। भारतीय जनता पार्टी ने इस प्रतिष्ठित सीट से नीरज सिन्हा को मैदान में उतारकर अपना मजबूत किला बचाने की चुनौती स्वीकार की है। राष्ट्रीय जनता दल ने रेखा कुमारी पर भरोसा जताया है, जबकि सबसे अधिक चर्चा जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की उम्मीदवारी को लेकर है। उनकी मौजूदगी ने इस मुकाबले को त्रिकोणीय और बेहद दिलचस्प बना दिया है।
बांकीपुर लंबे समय से बीजेपी का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है। ऐसे में इस सीट को बचाए रखना पार्टी की साख और राजनीतिक प्रतिष्ठा से जुड़ा सवाल बन गया है। दूसरी ओर, प्रशांत किशोर के लिए यह चुनाव बिहार की राजनीति में अपनी ज़मीन और जनाधार साबित करने का बड़ा अवसर माना जा रहा है। वहीं आरजेडी भी इस मुकाबले में पूरी ताकत झोंक चुकी है और सत्ता पक्ष को कड़ी चुनौती देने का दावा कर रही है।
मतगणना को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतज़ाम किए हैं। सोमवार सुबह 5 बजे से एएन कॉलेज की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर आम वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है, ताकि मतगणना प्रक्रिया निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। अब सबकी निगाहें मतपेटियों और ईवीएम से निकलने वाले जनादेश पर टिकी हैं, जो तय करेगा कि बांकीपुर में कमल कायम रहेगा, लालटेन वापसी करेगी या फिर जन सुराज नया सियासी इतिहास रचेगा।