बांकीपुर में पोस्टल बैलेट की गिनती पूरी, पीके 727 वोटो से आगे,अब ईवीएम खोलेगी जनादेश का पिटारा,

Bankipur Bypoll Result: पटना की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना के बीच पहला चरण पूरा हो गया है।....

बांकीपुर में पोस्टल बैलेट की गिनती पूरी, पीके 797 वोटो से आगे- फोटो : reporter

Bankipur Bypoll Result: पटना की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना के बीच पहला चरण पूरा हो गया है। एएन कॉलेज स्थित मतगणना केंद्र में सुबह 8 बजे से शुरू हुई प्रक्रिया में सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती संपन्न कर ली गई है। अब ईवीएम में दर्ज मतों की गिनती शुरू हो चुकी है, जिसके साथ ही सियासी हलकों में हलचल तेज हो गई है। शुरुआती रुझानों पर भाजपा, राष्ट्रीय जनता दल और जन सुराज के समर्थकों की पैनी नजर बनी हुई है। पोस्टल बैलेट की गिनती में 727 वोटो से प्रशांत किशोर आगे चल रहे है, बताए जा रहे हैं।दूसरे नंबर पर भाजपा के प्रत्याशी तो तीसरे नंबर पर राजद की रेखा गुप्ता है।

मतगणना 14 टेबलों पर कुल 31 राउंड में कराई जा रही है। हर राउंड के बाद निर्वाचन पदाधिकारी आधिकारिक आंकड़े जारी करेंगे, जिससे मुकाबले की तस्वीर धीरे-धीरे साफ होती जाएगी। अनुमान है कि दोपहर तक शुरुआती रुझान स्पष्ट हो जाएंगे, जबकि अंतिम परिणाम आने के बाद बांकीपुर को अपना नया विधायक मिल जाएगा।

इस हाई-प्रोफाइल उपचुनाव में कुल 25 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं, लेकिन सबसे अधिक चर्चा जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर, भारतीय जनता पार्टी के नीरज सिन्हा और राष्ट्रीय जनता दल की रेखा गुप्ता के बीच मुकाबले को लेकर है। करीब 1.30 लाख मतों की गिनती के साथ यह चुनाव केवल एक विधानसभा सीट का फैसला नहीं करेगा, बल्कि बिहार की बदलती राजनीतिक दिशा और प्रमुख दलों की जनस्वीकृति का भी संकेत देगा।

बांकीपुर सीट लंबे समय से भाजपा का मजबूत गढ़ रही है। ऐसे में पार्टी के लिए यह चुनाव प्रतिष्ठा का प्रश्न बना हुआ है। वहीं, पहली बार चुनावी मैदान में उतरे प्रशांत किशोर के लिए यह उनकी राजनीतिक स्वीकार्यता की बड़ी परीक्षा मानी जा रही है। दूसरी ओर, राजद भी इस सीट पर मजबूत प्रदर्शन कर सियासी संदेश देने की कोशिश में है।

मतगणना को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। एएन कॉलेज परिसर और उसके आसपास पुलिस तथा केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। पूरे क्षेत्र में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू है और केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही मतगणना केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी जा रही है। अब सभी की निगाहें ईवीएम से निकलने वाले हर राउंड के नतीजों पर टिकी हैं, जो यह तय करेंगे कि बांकीपुर में कमल खिलेगा, लालटेन रोशन होगी या जन सुराज नया सियासी अध्याय लिखेगा।