Bank Strike: आज रविवार को खुले हैं बैंक, ATM से कैश निकालना रहेगा फ्री, जरूरी काम है तो तुरंत निपटाएं,सोमवार से तीन दिन हड़ताल
Bank Strike: अगर बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम लंबित है तो उसे आज ही निपटा लेना बेहतर होगा। रविवार की छुट्टी के बावजूद आज सरकारी बैंक खुले रहेंगे
Bank Strike: अगर बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम लंबित है तो उसे आज ही निपटा लेना बेहतर होगा। रविवार की छुट्टी के बावजूद आज सरकारी बैंक खुले रहेंगे, जबकि सोमवार से बुधवार तक बैंक कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल के कारण बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। यूनियनों ने सप्ताह में पांच दिन कामकाज लागू करने की मांग को लेकर आंदोलन का ऐलान किया है।
रविवार को बैंकों के खुले रहने का मौका करीब एक दशक बाद आया है। इससे पहले 2016 में नोटबंदी के दौरान रविवार को बैंक खोले गए थे। उस समय पुराने 500 और 1000 रुपये के नोट बदलने, जमा करने और नकदी निकालने के लिए बैंकों में भारी भीड़ उमड़ी थी। भीड़ और ग्राहकों की जरूरत को देखते हुए रविवार को भी बैंकिंग सेवाएं जारी रखी गई थीं।
प्रस्तावित हड़ताल के दौरान SBI और PNB समेत सरकारी बैंकों के ATM से कैश निकालने पर मंथली फ्री ट्रांजेक्शन लिमिट पार होने के बाद भी कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लगेगा—ऐसा दावा रिपोर्ट में किया गया है। सामान्य नियम के तहत अपने बैंक के ATM से महीने में पांच और दूसरे बैंक के ATM से मेट्रो शहरों में तीन तथा गैर-मेट्रो शहरों में पांच मुफ्त लेनदेन की सुविधा है। इसके बाद सामान्यतः प्रति लेनदेन ₹23 प्लस GST शुल्क लगता है।
हड़ताल को टालने के लिए वित्तीय सेवा विभाग, इंडियन बैंक्स एसोसिएशन और बैंक प्रबंधन की अपील को यूनियनों ने स्वीकार नहीं किया है। आंदोलन में AIBEA, AIBOC, NCBE, AIBOA, BEFI, INBEF और INBOC समेत सात प्रमुख बैंक यूनियनों के शामिल होने की बात कही गई है।
यूनियनों का कहना है कि पांच-दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने की निश्चित तारीख घोषित होने तक आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, मीडिया रिपोर्टों में सरकारी सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि सरकार ने पांच-दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने का कोई पक्का वादा नहीं किया था।इसके अलावा PLI यानी परफॉर्मेंस-लिंक्ड इंसेंटिव को लेकर भी बैंक प्रबंधन और यूनियनों के बीच मतभेद है। अधिकारियों के लिए नए इंसेंटिव प्रावधान को लेकर यूनियनें आपत्ति जता रही हैं।