Bihar Crime:अररिया में धमाके के मलबे में मिला इंसानी जिस्म का अंश, कौन खेल रहा है बारूद का खेल? पढ़िए

Bihar Crime: अररिया में शनिवार को हुआ जोरदार धमाका अब महज पटाखे के विस्फोट का मामला नहीं रह गया है।...

Araria Blast Human Remains Found
मानव अंश मिलने से बढ़ा रहस्य- फोटो : social Media

Bihar Crime: अररिया में शनिवार को हुआ जोरदार धमाका अब महज पटाखे के विस्फोट का मामला नहीं रह गया है। भरगामा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-8 स्थित मुस्लिम टोला में तेज आवाज के बाद मची अफरातफरी के बीच FSL और PDDS की जांच में मलबे से मानव शरीर के कुछ अंश मिलने की बात सामने आई है। इसके बाद पूरे मामले में सनसनी फैल गई है और पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि आखिर धमाके की जद में कौन आया था।

पुलिस के मुताबिक, ग्रामीणों से धमाके की सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची। अररिया एसपी जितेंद्र कुमार के अनुसार, मोहम्मद अख्तर के मकान के एक कमरे की छत क्षतिग्रस्त मिली। कमरे के नीचे पटाखे की बड़ी मात्रा में लड़ी भी बरामद हुई है। घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस को आशंका है कि वहां कथित तौर पर अवैध तरीके से पटाखा बनाने का काम चल रहा था और इसी दौरान विस्फोट हुआ।

हालांकि पुलिस ने इसे अभी धमाके का अंतिम कारण नहीं माना है। घटना की गंभीरता को देखते हुए PDDS और FSL की विशेषज्ञ टीमों ने मौके पर पहुंचकर मलबे और आसपास से साक्ष्य व नमूने जुटाए हैं। जांच से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि विस्फोट किस सामग्री से हुआ और घटनास्थल पर वास्तव में किस तरह की चीजें मौजूद थीं।

मानव शरीर के अंश मिलने से मामले की पेचीदगी और बढ़ गई है। अभी पुलिस ने किसी व्यक्ति की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और न ही मिले अवशेषों की पहचान हो सकी है। संभावित घायल या संदिग्ध मरीज की जानकारी जुटाने के लिए आसपास के सरकारी और निजी अस्पतालों से संपर्क किया गया है। जदिया और मधेपुरा इलाके तक भी पुलिस ने जानकारी खंगाली है।

मामले की तह तक पहुंचने के लिए SIT गठित कर तीन पुलिस टीमों को अलग-अलग बिंदुओं पर लगाया गया है। जांच इस बात पर भी केंद्रित है कि मकान में पटाखा निर्माण कब से चल रहा था, कितनी सामग्री जमा थी और उसे कहां से लाया गया था। अब FSL रिपोर्ट, बरामद अवशेषों की पहचान और पुलिस तफ्तीश से ही इस धमाके के पीछे छिपा राज सामने आएगा।