घूसखोर साहब पर गिरी गाज! 3 साल से किसान को रुलाने वाले बरौली RO सस्पेंड, विजिलेंस ने 6500 लेते दबोचा

बिहार सरकार की 'जीरो टॉलरेंस' नीति के तहत भ्रष्टाचार पर बड़ा प्रहार! बरौली अंचल के राजस्व अधिकारी विजय कुमार सिंह को दाखिल-खारिज के बदले रिश्वत लेते हुए विजिलेंस ने रंगे हाथ दबोचा।

Patna - बिहार सरकार ने 'जीरो टॉलरेंस' नीति के तहत भ्रष्टाचार पर एक और बड़ा प्रहार किया है। गोपालगंज के बरौली अंचल में तैनात राजस्व अधिकारी (Revenue Officer) विजय कुमार सिंह को रिश्वतखोरी के संगीन आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। डिप्टी सीएम और राजस्व मंत्री विजय कुमार सिन्हा के कड़े रुख के बाद विभाग ने यह दंडात्मक कार्रवाई की है। 

विजिलेंस का जाल और रंगे हाथ गिरफ्तारी

बीते 13 जनवरी को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (Vigilance) की सात सदस्यीय टीम ने बरौली अंचल कार्यालय में बड़ी छापेमारी की थी। टीम का नेतृत्व निगरानी अधीक्षक नागेंद्र कुमार कर रहे थे। आरोप था कि राजस्व अधिकारी विजय कुमार सिंह जमीन के दाखिल-खारिज (Mutation) के बदले रिश्वत ले रहे थे। विजिलेंस ने जाल बिछाकर उन्हें 6,500 रुपये की घूस लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया।

तीन साल का इंतजार और 20 हजार की डिमांड

यह मामला बरौली के बघेझी गांव के निवासी अमरेंद्र साह से जुड़ा है। अमरेंद्र अपनी 9.3 Disimil जमीन का दाखिल-खारिज कराने के लिए पिछले तीन वर्षों से दफ्तर के चक्कर काट रहे थे। आरोप है कि उनका काम करने के बदले अधिकारी ने 20,000 रुपये की मांग की थी। अधिकारी की प्रताड़ना से तंग आकर पीड़ित ने विजिलेंस से इसकी लिखित शिकायत की, जिसके बाद गिरफ्तारी की योजना बनाई गई।

डिप्टी सीएम के निर्देश पर कड़ा एक्शन

राजस्व अधिकारी की गिरफ्तारी के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। विभाग ने बिहार सरकारी सेवक नियमावली 2005 के तहत विजय कुमार सिंह को निलंबित कर दिया है। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है ताकि उनकी सेवा पर अंतिम निर्णय लिया जा सके।

मुजफ्फरपुर कमिश्नर ऑफिस में लगानी होगी हाजिरी

निलंबन की अवधि के दौरान विजय कुमार सिंह का मुख्यालय बदल दिया गया है। न्यायिक हिरासत से बाहर आने के बाद उन्हें तिरहुत प्रमंडल आयुक्त कार्यालय, मुजफ्फरपुर में अपनी रिपोर्ट देनी होगी। उन्हें निर्देश दिया गया है कि वह वहां नियमित रूप से अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।