खसरे का 'आउटब्रेक': एम्स की रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि, स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित इलाकों में लागू की माइक्रो-कंटेनमेंट रणनीति

बाढ़ अनुमंडल के दो टोलों में खसरे के पॉजिटिव मरीज मिलने से हड़कंप मच गया है। स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों के लिए विशेष एमएमआर टीकाकरण और 28 दिनों की निगरानी का फैसला लिया है।

Patna - बाढ़ अनुमंडल में खसरे (मीजल्स) के संक्रमण की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। एम्स पटना की रिपोर्ट में मामले पॉजिटिव पाए जाने के बाद अब प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा चक्र मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी गई है।

एम्स पटना की रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि

बाढ़ अनुमंडल के दो टोलों से भेजे गए संदिग्ध नमूनों की जांच रिपोर्ट एम्स पटना से पॉजिटिव आई है। सिविल सर्जन डॉ. योगेंद्र प्रसाद मंडल ने संक्रमण की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रभावित इलाकों में अब सघन टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। स्थिति की समीक्षा और आगे की रणनीति तय करने के लिए मंगलवार को सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारियों की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। 

विशेष टीकाकरण और एमएमआर डोज

जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. अवधेश कुमार के अनुसार, संबंधित क्षेत्रों में 9 माह से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को एमएमआर (मीजल्स, मम्प्स, रूबेला) का टीका लगाया जाएगा। खास बात यह है कि यह एहतियाती डोज उन बच्चों को भी दी जाएगी जो पहले नियमित टीकाकरण करा चुके हैं, ताकि संक्रमण की चेन को पूरी तरह तोड़ा जा सके। 

रैपिड रिस्पांस टीम और डोर-टू-डोर सर्वे

संक्रमण की पुष्टि होते ही रैपिड रिस्पांस टीम (RRT) को सक्रिय कर दिया गया है। आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर सर्वे करने, छूटे हुए बच्चों की सूची बनाने और उन्हें विटामिन-ए की खुराक देने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा, स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में भी बच्चों की स्क्रीनिंग की जाएगी। 

28 दिनों तक माइक्रो-कंटेनमेंट निगरानी

चूंकि खसरा एक अत्यंत संक्रामक रोग है, इसलिए विभाग ने प्रभावित टोलों में माइक्रो-कंटेनमेंट रणनीति लागू की है। अगले 28 दिनों तक इलाके में विशेष निगरानी रखी जाएगी। डॉ. अवधेश कुमार ने अभिभावकों से अपील की है कि यदि बच्चों में तेज बुखार, लाल दाने, खांसी या आंखें लाल होने जैसे लक्षण दिखें, तो वे तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।