बाढ़ एसडीओ गरिमा लोहिया ने किया अनुमंडलीय अस्पताल का औचक निरीक्षण, भारी अव्यवस्थाओं को देख मांगी स्पष्टीकरण

पटना के बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एसडीओ गरिमा लोहिया अचानक निरीक्षण को पहुंच गई। एसडीओं ने अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड, दवा वितरण केंद्र, एक्स-रे रूम, ईसीजी, ब्लड लैब का सघन मुआयना किया...

एसडीओ ने अनुमंडलीय अस्पताल का किया औचक निरीक्षण- फोटो : रवि शंकर

Patna : बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल में उस वक्त हड़कंप मच गया जब अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) गरिमा लोहिया अचानक निरीक्षण के लिए पहुंच गईं। करीब दो घंटे तक चले इस औचक निरीक्षण के दौरान पूरे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा। कर्मचारी और अधिकारी अपनी कमियों को छिपाने के लिए इधर-उधर भाग-दौड़ करते नजर आए। एसडीओ ने अस्पताल के कामकाज और व्यवस्थाओं को बेहद बारीकी से परखा।


वार्डों और व्यवस्थाओं की सघन जांच

निरीक्षण के दौरान एसडीओ गरिमा लोहिया ने अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड, दवा वितरण केंद्र, एक्स-रे रूम, ईसीजी, ब्लड लैब का सघन मुआयना किया। इसके साथ ही उन्होंने अस्पताल में डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति पंजी की जांच की। उन्होंने मरीजों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता को भी परखा और स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेते हुए एंबुलेंस चालकों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और कार्यशैली को जाना।


लापरवाह कर्मियों से जवाब तलब

जांच के दौरान अस्पताल में भारी अव्यवस्था देखने को मिली। कई कर्मचारी बिना किसी पूर्व सूचना या आवेदन के ड्यूटी से गायब पाए गए। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए एसडीओ ने बिना छुट्टी गायब रहने वाले कर्मियों से स्पष्टीकरण की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. विनय कुमार चौधरी से भी कई तरह की कमियों और व्यवस्था में लापरवाही को लेकर जवाब तलब किया है।


वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी जाएगी रिपोर्ट

एसडीओ ने मीडिया को बताया कि निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कई प्रकार की गंभीर कमियां और खामियां पाई गई हैं। इन सभी शिकायतों और कमियों की एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जिसे आगे की कार्रवाई के लिए जिला स्वास्थ्य समिति और सिविल सर्जन को भेजा जाएगा। उन्होंने साफ तौर पर चेतावनी दी कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


गंदगी पर दुकानदारों को सख्त नसीहत

अस्पताल परिसर के चारों तरफ घूमकर गंदगी और चारदीवारी का जायजा लेने के दौरान मुख्य गेट पर भारी कचरा देखकर एसडीओ भड़क गईं। उन्होंने तुरंत आसपास के दुकानदारों को बुलाकर कड़ी फटकार लगाई और उन्हें डस्टबिन का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की नसीहत दी। एसडीओ ने अस्पताल प्रबंधन को परिसर को पूरी तरह स्वच्छ रखने और अस्पताल को सही तरीके से संचालित करने के लिए कई कड़े दिशा-निर्देश दिए।


रवि शंकर की रिपोर्ट