Bihar News: पटना की महिला का दिल्ली में कत्ल, पत्नी और 3 बेटियों की गला रेतकर युवक ने उतारा मौत के घाट, इन जिलों में तलाश रही पुलिस

Bihar News:

पति ने पत्नी और बेटियों को उतारा मौत के घाट - फोटो : social media

Bihar News: राजधानी दिल्ली से बीते दिन एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई। जहां सनकी पति ने अपनी पत्नी और तीन बेटियों को मौत के घाट उतार दिया। आरोपी युवक ने पहले चारों को बेहोश किया और फिर गला रेतकर मौत के घाट उतार दिया। वहीं अब पुलिस आरोपी युवक की तलाश में जुटी है। पुलिस कई राज्यों में छापेमारी कर रही है। जानकारी अनुसार समयपुर बादली इलाके के चंदन पार्क का मामला बताया जा रहा है। बिहार की एक महिला और उसकी तीन मासूम बेटियों की गला रेतकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद से महिला का पति फरार है।

गला रेतकर की हत्या 

आरोपी के भागते हुए सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं और उसका मोबाइल फोन बंद बताया जा रहा है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतकों में 30 वर्षीय अनीता और उसकी पांच, चार व तीन वर्ष की तीन बेटियां शामिल हैं। परिवार मूल रूप से बिहार के बाढ़ क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है। जिले के डीसीपी हरेश्वर वी. स्वामी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पति मुनचुन केवट पर संदेह जताया जा रहा है। आशंका है कि वारदात से पहले चारों को नशीला पदार्थ दिया गया और बेहोशी की हालत में उनकी हत्या की गई। पुलिस ने खाने-पीने के सामान के नमूने जांच के लिए कब्जे में लिए हैं।

भतीजे ने देखा खून से सना कमरा

बुधवार सुबह करीब साढ़े सात बजे 10 वर्षीय भतीजे अंकित ने कमरे में चारों के खून से सने शव देखे और शोर मचाया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए बाबू जगजीवन राम मेमोरियल अस्पताल भेज दिया गया। हत्या के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। जानकारी के मुताबिक, परिवार आठ महीने पहले ही बिहार से दिल्ली आया था और गली नंबर-तीन, चंदन पार्क में किराये के कमरे में रह रहा था। मुनचुन मूल रूप से बाढ़ के मुकीमपुर का निवासी है, जबकि अनीता का मायका गया जिले में बताया गया है। आरोपी के तीन भाई पास में ही रहते हैं और आजादपुर मंडी में अदरक का कारोबार करते हैं।

बेहोश कर वारदात की आशंका

स्थानीय लोगों का कहना है कि परिवार शांत स्वभाव का था। पति-पत्नी के बीच किसी प्रकार के विवाद की जानकारी नहीं थी। मंगलवार रात पति-पत्नी साथ में सब्जी लेकर लौटे थे। रोज की तरह मुनचुन तड़के मंडी जाने वाला था, लेकिन सुबह दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसियों को शक हुआ। घर से सटे दो अन्य कमरों में भी परिवार रहते हैं, लेकिन किसी ने रात में चीखने-चिल्लाने या झगड़े की आवाज नहीं सुनी। इसी आधार पर पुलिस को शक है कि वारदात से पहले चारों को बेहोश किया गया होगा। अनीता की जेठानी ने बताया कि रात में बच्चे साथ खेल रहे थे और किसी तरह के तनाव की जानकारी नहीं थी। घटना के बाद पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा है।

छह टीमें कर रहीं तलाश

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। फरार पति की तलाश में छह टीमें दिल्ली, बिहार, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और तकनीकी जांच भी जारी है। इस घटना के बाद इलाके में कोहराम मच गया है। चार हत्याएं कर आरोपी फरार है जिसके पुलिस तलाश रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही इस मामले में खुलासा हो पाएगा। फिलहाल जांच जारी है।