Bihar Road Accident : बांका में भाई का इलाज कराकर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में हुई मौत, परिजनों में मचा कोहराम
Banka : बांका के अमरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोरगामा मोड़ के समीप शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रैक्टर और बाइक की टक्कर में युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान शंभूगंज थाना क्षेत्र के चौतरा गांव निवासी विभाष कुमार यादव के रूप में की गई है।
बताया जा रहा है कि विभाष अपने छोटे भाई हिमांशु कुमार को इलाज के लिए अमरपुर के एक डॉक्टर के पास बाइक से लेकर आया था। डॉक्टर को दिखाने के बाद दोनों भाई वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान गोरगामा मोड़ के पास सामने से आ रहे तेज गति ट्रैक्टर ने बाइक में सीधी टक्कर मार दी, जिससे विभाष कुमार यादव गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल युवक को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां चीख-पुकार और मातम का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि विभाष अपने छोटे भाई के इलाज को लेकर काफी चिंतित थे और इसी सिलसिले में अमरपुर आए थे, लेकिन घर लौटने के क्रम में यह दुखद हादसा हो गया। एक ही पल में परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और गोरगामा मोड़ पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
चन्द्रशेखर भगत की रिपोर्ट