Bihar Cricket: BCA का बड़ा ऐलान, रणजी से महिला क्रिकेट तक, टीमों के चयन ट्रायल की तारीखें जारी
Bihar Cricket: बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने आगामी क्रिकेट सत्र 2026-27 को लेकर अलग-अलग आयु वर्ग और टीमों के चयन ट्रायल का शेड्यूल जारी कर दिया है। ...
Bihar Cricket: बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने आगामी क्रिकेट सत्र 2026-27 को लेकर अलग-अलग आयु वर्ग और टीमों के चयन ट्रायल का शेड्यूल जारी कर दिया है। एडमिनिस्ट्रेटर से मंजूरी मिलने के बाद एसोसिएशन ने खिलाड़ियों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश जारी करते हुए साफ कर दिया है कि निर्धारित तारीख, वक्त और मुकाम पर खिलाड़ियों की मौजूदगी अनिवार्य होगी। रणजी ट्रॉफी से लेकर अंडर-23 और महिला क्रिकेट टीमों तक के खिलाड़ियों के लिए चयन प्रक्रिया का आगाज होने जा रहा है।
रणजी ट्रॉफी के लिए 6 अक्टूबर को ट्रायल
रणजी ट्रॉफी कैंप 2026-27 में शामिल खिलाड़ियों के लिए चयन ट्रायल 6 अक्टूबर को सुबह 8 बजे पटना के मोइन-उल-हक स्टेडियम में होगा। BCA ने कैंप में शामिल सभी खिलाड़ियों को तय वक्त पर स्टेडियम पहुंचकर चयन प्रक्रिया में शिरकत करने का निर्देश दिया है। इस ट्रायल को आगामी रणजी सत्र के लिए टीम तैयार करने की अहम कड़ी माना जा रहा है।
रणजी कैंप के अंडर-23 खिलाड़ियों की भी परीक्षा
रणजी ट्रॉफी कैंप में शामिल और अंडर-23 आयु वर्ग के लिए पात्र खिलाड़ियों का ट्रायल 5 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे मोइन-उल-हक स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। इसके बाद पुरुष अंडर-23 कर्नल सी.के. नायडू ट्रॉफी कैंप के लिए शॉर्टलिस्ट किए गए खिलाड़ियों का चयन ट्रायल भी 5 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे होगा। खिलाड़ियों को निर्धारित वक्त तक ट्रायल स्थल पर रिपोर्ट करना होगा।
महिला खिलाड़ियों के लिए भी अहम तारीख
महिला अंडर-19 खिलाड़ियों के लिए चयन ट्रायल 5 अक्टूबर को सुबह 9 बजे होगा। इसमें BCA के घरेलू टूर्नामेंट सत्र 2025-26 में हिस्सा लेने वाली सभी महिला अंडर-19 खिलाड़ियों को शामिल होने का निर्देश दिया गया है।वहीं महिला सीनियर और अंडर-23 वनडे एवं टी-20 ट्रॉफी 2025-26 में हिस्सा लेने वाली खिलाड़ियों के लिए चयन ट्रायल 6 अक्टूबर को सुबह 8 बजे मोइन-उल-हक स्टेडियम में आयोजित होगा।
BCA ने तमाम खिलाड़ियों से अपील की है कि वे ट्रायल की तारीख और समय को लेकर किसी तरह की चूक न करें। खिलाड़ियों को समय से पहले पहुंचकर चयन प्रक्रिया में हिस्सा लेने की हिदायत दी गई है। एसोसिएशन ने कहा है कि चयन से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए उसकी आधिकारिक वेबसाइट पर लॉगिन किया जा सकता है।