Bihar Politics: सीएम नीतीश के आखिरी राजकीय समारोह में मधुमक्खियों का अटैक, मौके पर मची अफरा-तफरी
Bihar Politics: कार्यक्रम स्थल पर अचानक मधुमक्खियों का झुंड पहुंच गया। कार्यक्रम में मौजूद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और अन्य मंत्रियों के आसपास मधुमक्खियां मंडराने लगीं।
Bihar Politics: बिहार की राजनीति के लिए आज का दिन बेहद अहम है। करीब दो दशकों तक मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार आज अपने पद से इस्तीफा देंगे, जिसके बाद राज्य में नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान किया जाएगा। सुबह से ही हलचल तेज है। दूसरी ओर आज भारतीय संविधान के शिल्पकार डॉ. बी.आर. अंबेडकर की जंयती है। इस दौरान राजकीय समारोह का आयोजन किया गया।
राजकीय समारोह का हुआ आयोजन
दरअसल, बाबा साहेब बी.आर. अंबेडकर की जयंती के अवसर पर पटना हाई कोर्ट परिसर में राजकीय समारोह का आयोजन किया गया। जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शामिल हुए। इस दौरान नीतीश कुमार ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। समारोह में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी भी उनके साथ मौजूद रहे। इसी दौरान कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
मधुमक्खियों के झुंड का अटैक
जानकारी अनुसार कार्यक्रम स्थल पर अचानक मधुमक्खियों का झुंड पहुंच गया। कार्यक्रम में मौजूद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और अन्य मंत्रियों के आसपास मधुमक्खियां मंडराने लगीं। स्थिति को भांपते हुए सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत घेरा बनाकर मुख्यमंत्री को सुरक्षित कर लिया। इस दौरान नीतीश कुमार को किसी प्रकार की कोई क्षति नहीं पहुंची।
सुरक्षा गार्ड हुए शिकार
हालांकि, सुरक्षा में तैनात कई गार्ड मधुमक्खियों के डंक का शिकार हो गए। घटना के बाद कुछ समय के लिए कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और मुख्यमंत्री डिप्टी सीएम सहित सभी मंत्री सचिवालय के लिए रवाना हो गए हैं। सचिवालय में आज 11 बजे से कैबिनेट की बैठक है।
पटना से अभिजीत की रिपोर्ट