Bihar Crime News : मुजफ्फरपुर में हथकड़ी सरकाकर थाने से फरार हुआ शराब कारोबारी, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
MUZAFFARPUR : जिले के कटरा थाने से पुलिस अभिरक्षा में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। शराब मामले में गिरफ्तार एक शातिर आरोपी पुलिस और चौकीदारों को चकमा देकर थाने से फरार हो गया है। आरोपी के भागने की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। फिलहाल पुलिस की कई टीमें फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं, लेकिन घंटों बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं।
बाथरूम जाने के बहाने रची साजिश
जानकारी के अनुसार, कटरा थाना पुलिस ने सोमवार की रात कांड संख्या 81/26 (मद्यनिषेध अधिनियम) के तहत फरार चल रहे आरोपी गुलशन कुमार को धनौर राजा डीह टोला से गिरफ्तार किया था। उसे थाने लाकर हाजत में रखा गया था। मंगलवार की अहले सुबह गुलशन ने ड्यूटी पर तैनात चौकीदार से बाथरूम जाने की इच्छा जताई। जब दो चौकीदार उसे थाना परिसर स्थित बाथरूम ले जा रहे थे, तभी उसने चालाकी दिखाते हुए अपनी हथकड़ी सरका ली और चकमा देकर वहां से भाग निकला।
चौकीदारों की लापरवाही आई सामने
इस सनसनीखेज घटना की सूचना मिलते ही कटरा थानाध्यक्ष मनीष कुमार दलबल के साथ आरोपी की तलाश में जुट गए। शुरुआती जांच में ड्यूटी पर तैनात चौकीदारों की भारी लापरवाही सामने आई है। आरोपी को बाथरूम ले जाते समय सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं थे, जिसका फायदा उठाकर वह भागने में सफल रहा।
एसएसपी ने दिए जांच के आदेश
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपी गुलशन कुमार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। उन्होंने कहा, "ड्यूटी पर तैनात चौकीदारों की घोर लापरवाही दिख रही है। पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पुलिसकर्मियों और चौकीदारों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।"
थाना परिसर की सुरक्षा पर सवाल
थाना परिसर के भीतर से एक गिरफ्तार आरोपी का हथकड़ी सरकाकर भाग जाना स्थानीय पुलिसिंग और सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस अब आरोपी के संभावित ठिकानों और रिश्तेदारों के घरों पर दबिश दे रही है। खबर लिखे जाने तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
मणिभूषण की रिपोर्ट