Bihar News : समय पर मिली पेंशन की राशि तो खिले लाभुकों के चेहरे, कहा-आसान और चिंतामुक्त हुई जिंदगी

Bihar News : बिहार सरकार की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना आज राज्य के लाखों बुजुर्गों, विधवा महिलाओं और दिव्यांगों के लिए एक मजबूत संबल साबित हो रही है.....पढ़िए आगे

लाभुकों के चेहरे पर ख़ुशी - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बुढ़ापे या किसी मजबूरी के समय जब कोई छोटी सी भी मदद मिल जाए, तो वह इंसान के लिए बहुत बड़ी राहत बन जाती है। बिहार सरकार की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना भी आज राज्य के लाखों बुजुर्गों, विधवा महिलाओं और दिव्यांगों के लिए ऐसा ही एक मजबूत सहारा बनी हुई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्यभर के 1 करोड़ 9 लाख से अधिक लाभार्थियों के बैंक खातों में अक्टूबर महीने की पेंशन राशि भेजी है। डीबीटी  के जरिए सीधे हर पात्र व्यक्ति के खाते में 1100-1100 रुपये ट्रांसफर किए गए हैं। इस पूरी प्रक्रिया में सरकार की ओर से 1205 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि बांटी गई है। लेकिन सरकारी आंकड़ों से कहीं ज्यादा अहम है वो खुशी और सुकून, जो समय पर पैसे मिलने के बाद इन जरूरतमंदों के चेहरों पर देखने को मिल रही है।

इस पेंशन से हमें बहुत लाभ होता है

समय पर पेंशन की राशि मिलने से सीवान जिले की रहने वाली बुजुर्ग रमावती देवी के चेहरे पर एक अलग ही चमक है। वे अपनी ठेठ और प्यारी भाषा में कहती हैं, "हमरा 1100 रुपया मिलेला नु, त ओसे हमरा बहुत लाभ होला। ई पईसा मुख्यमंत्री जी हमरा के भेजेनी।" कुछ ऐसी ही खुशी फुलमती देवी के चेहरे पर भी नजर आई। उन्होंने पेंशन के पैसे खाते में आने पर हाथ जोड़कर मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। वहीं, संग्रामपुर के रहने वाले बुजुर्ग तपेश्वर राम भी अपनी ख़ुशी  जाहिर करते हुए कहते हैं, "हर महीना मुख्यमंत्री द्वारा 1100 रुपया आवेला, हमरा तरफ से मुख्यमंत्री जी के बहुत धन्यवाद बाटे।"   

आर्थिक स्थिति में बहुत सहयोग मिल रहा है

सीवान के विद्या प्रसाद का कहना है कि यह रकम उनके लिए रोजमर्रा की जिंदगी में बहुत मायने रखती है। विद्या प्रसाद बताते हैं, "मुझे हर महीने 1100 रुपये आ रहे हैं। इससे मेरी आर्थिक स्थिति में बहुत सहयोग हो रहा है। इसलिए हम मुख्यमंत्री जी को दिल से धन्यवाद देते हैं और उनका आभार व्यक्त करते हैं।"   

आत्मसम्मान से जीने का मौका

इस योजना ने शारीरिक रूप से कमजोर लोगों को भी आत्मसम्मान से जीने का मौका दिया है। दिव्यांग अशोक कुशवाहा बताते हैं, "मैं दिव्यांग हूँ और सम्राट चौधरी की ओर से हर महीने 1100 रुपये मिलते हैं। इस पैसे से हम बहुत खुश हैं और उन्हें तहे दिल से धन्यवाद देते हैं।"  जब सरकार की कोई योजना सीधे तौर पर बिना किसी बिचौलिए के आम इंसान तक पहुंचती है, तो उसका असर ऐसा ही होता है। समय पर मिल रही इस पेंशन ने बिहार के लाखों बेसहारा और बुजुर्ग लोगों की जिंदगी को थोड़ा आसान और चिंतामुक्त बना दिया है।