Bihar Budget Session: 'सीएम नीतीश मानसिक रुप से बीमार, सदन आने से पहले कराएं इलाज', विपक्ष ने वॉक आउट के बाद बोला बड़ा हमला
Bihar Budget Session: बिहार विधानमंडल के बजट सत्र का आज छठा दिन है। छठे दिन सदन में विपक्ष ने भारी बवाल करने के बाद वॉक आउट कर दिया। जिसके बाद विधानसभा परिसर में मीडिया के समझ जमकर बवाल काटा। सीएम नीतीश पर जबरदस्त हमला बोला। दरअसल, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी के बीच हुई तीखी नोकझोंक को लेकर सियासत तेज हो गई है। विपक्षी नेताओं ने मुख्यमंत्री के व्यवहार और भाषा पर सवाल उठाते हुए इसे महिलाओं के सम्मान के खिलाफ बताया और उनसे सदन में माफी मांगने की मांग की है।
मानसिक रुप से बीमार हैं सीएम
विपक्ष के नेता भाई वीरेंद्र ने कहा कि विधान परिषद में मुख्यमंत्री द्वारा नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी के साथ किया गया व्यवहार निंदनीय है और माफी योग्य नहीं है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का इस तरह अपमान करना ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि, सीएम नीतीश को अपना इलाज करवाना चाहिए वो बीमार हैं। सदन में आने से पहले वो दवाई ले लें। सीएम नीतीश मानसिक रुप से बीमार हैं।
सीएम नीतीश मांगे माफी
भाई वीरेंद्र ने कहा कि, मुख्यमंत्री को अपने बयान पर दोनों सदनों में माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने राज्य में बढ़ते अपराध, महिलाओं के साथ हो रही घटनाओं और सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। भाई वीरेंद्र ने कहा कि, 'कल विधान परिषद में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नेता प्रतिपक्ष के साथ व्यवहार किया है, वो माफी के लायक नहीं है। उनको अपना इलाज करवाना चाहिए। वो बीमार हैं।'
सीएम का भाषा शर्मनाक
राजद नेता आलोक मेहता ने भी घटना की तीखी आलोचना करते हुए कहा कि बिहार की पहली महिला मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी के साथ जिस तरह की भाषा का प्रयोग किया गया, वह शर्मनाक है और सदन की गरिमा के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि सरकार एक ओर सुशासन और जीरो टॉलरेंस की बात करती है, जबकि दूसरी ओर महिलाओं की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के मुद्दे पर विफल नजर आ रही है। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष को सदन में अपनी बात रखने का मौका नहीं दिया गया, जिसके विरोध में विपक्ष ने वॉकआउट किया।
मुख्यमंत्री के व्यवहार से बढ़ रहा अपराधियों का मनोबल
वहीं माले विधायक संदीप सौरभ ने कहा कि मुख्यमंत्री के व्यवहार से गलत संदेश जा रहा है और इससे अपराधियों का मनोबल बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं और सरकार इन मामलों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने इन मुद्दों पर जवाब मांगने की कोशिश की, लेकिन जब उनकी बात नहीं सुनी गई तो विरोध स्वरूप सदन से वॉकआउट किया गया। विपक्षी नेताओं ने कहा कि वे राज्य में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के मुद्दे पर एकजुट हैं और इस मामले को लेकर सरकार से जवाबदेही तय कराने की मांग जारी रखेंगे।
पटना से नरोत्तम की रिपोर्ट