Bihar Politics: जदयू में फूट की पटकथा तैयार? भाई वीरेंद्र का बड़ा दावा- नीतीश-निशांत होशियार रहें, दो लोग पार्टी को खाने में जुटे

Bihar Politics: मोकामा विधायक अनंत सिंह और पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार के बीच जारी टकराव के बीच अब राष्ट्रीय जनता दल विधायक भाई वीरेंद्र ने ऐसा बयान दिया है, जिसने बिहार की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है।

Bihar Politics: बिहार में 8 सीटों पर होने वाले विधान परिषद चुनाव से पहले जनता दल यूनाइटेड  के भीतर चल रही खींचतान ने सियासी पारा चढ़ा दिया है। मोकामा विधायक अनंत सिंह और पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार के बीच जारी टकराव के बीच अब राष्ट्रीय जनता दल  विधायक भाई वीरेंद्र ने ऐसा बयान दिया है, जिसने बिहार की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है।

भाई वीरेंद्र ने दावा किया कि जदयू को तोड़ने की पटकथा पहले ही लिखी जा चुकी है और पार्टी में सेंध लग चुकी है। हालांकि उन्होंने किसी नेता का नाम लेने से साफ इनकार किया। उनका इशारा किन दो नेताओं की तरफ है, इसे लेकर सियासी गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।राजद विधायक ने कहा कि वह किसी का नाम नहीं लेना चाहते, लेकिन जदयू के भीतर जो कुछ चल रहा है, उसकी पटकथा पहले ही लिखी जा चुकी है। उन्होंने दावा किया कि जिन्हें कभी ‘जनता दल नीतीश’ कहने वाले लोग थे, उनमें से एक इधर और दूसरा उधर है, लेकिन दोनों का मकसद एक ही बताया जा रहा है जदयू को तोड़ना।

‘नीतीश जी होशियार हो जाइए’

भाई वीरेंद्र ने नीतीश कुमार को सतर्क रहने की नसीहत देते हुए कहा कि पार्टी के भीतर सेंध लग चुकी है और आने वाले समय में इसका क्या अंजाम होगा, यह देखने वाली बात होगी। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को अपनी पार्टी की हिफाजत के लिए होशियार रहने की जरूरत है।

उन्होंने निशांत कुमार को भी आगाह करते हुए कहा कि वह जागते रहें और अपनी पार्टी की रक्षा करें। भाई वीरेंद्र के मुताबिक दो लोग आपस में मिले हुए हैं और जदयू को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं।

अनंत-नीरज टकराव से गरमाया माहौल

यह बयान ऐसे वक्त आया है जब पटना स्नातक सीट पर जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार को लेकर पार्टी के भीतर अनंत सिंह के विरोध की चर्चा तेज है। अनंत सिंह ने नीरज कुमार के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल रखा है और जन सुराज प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के समर्थन का ऐलान किया है। दूसरी तरफ निशांत कुमार नीरज कुमार के समर्थन में पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे हैं और एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील कर चुके हैं।

वहीं, जदयू के भीतर चल रही इस रस्साकशी के बीच पार्टी नेतृत्व की सक्रियता भी बढ़ी है। हाल में नीतीश कुमार और जदयू अध्यक्ष ललन सिंह की मुलाकात भी हुई, जिसे अनंत-नीरज विवाद से जोड़कर देखा गया।

भाई वीरेंद्र के बयान ने बढ़ाई सियासी बेचैनी

भाई वीरेंद्र के ‘दो लोग पार्टी को खाने वाले हैं’ वाले बयान के बाद अब निगाहें जदयू नेतृत्व की अगली रणनीति पर टिक गई हैं। हालांकि उन्होंने अपने बयान में किसी नेता का नाम नहीं लिया है, इसलिए उनके आरोपों के निशाने पर कौन है, यह स्पष्ट नहीं है। फिलहाल इतना जरूर है कि एमएलसी चुनाव से पहले जदयू का अंदरूनी विवाद विपक्ष के लिए बड़ा राजनीतिक मुद्दा बन गया है।