उपेंद्र कुशवाहा को बड़ा झटका, रालोमो के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने दिया इस्तीफा, दो दिन दो बड़े उलटफेर

शेखपुरा जिला निवासी जितेंद्र नाथ ने कहा कि वे लगभग 9 वर्षों से उपेंद्र कुशवाहा के साथ काम कर रहे थे, अब उन्होंने इस्तीफा दे दिया है

Upendra Kushwaha- फोटो : news4nation

Upendra Kushwaha : राष्ट्रीय लोक मोर्चा में बुधवार को बड़ा बदलाव देखने को मिला, जब पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जितेंद्र नाथ ने अपने पद और प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफ़ा दे दिया। उन्होंने अपना इस्तीफ़ा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा को संबोधित पत्र के माध्यम से सौंपा है।


शेखपुरा जिला निवासी जितेंद्र नाथ ने कहा कि वे लगभग 9 वर्षों से उपेंद्र कुशवाहा के साथ काम कर रहे थे, लेकिन अब पार्टी में लिए जा रहे कई राजनीतिक और संगठनात्मक निर्णयों से वे खुद को जोड़ नहीं पा रहे हैं। ऐसी स्थिति में उनके लिए पार्टी के साथ काम जारी रखना संभव नहीं रह गया है। उन्होंने पत्र में साफ लिखा है कि मौजूदा हालात को देखते हुए वे पार्टी की जिम्मेदारियों और प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफ़ा देना उचित समझते हैं। उन्होंने अब तक मिले सहयोग के लिए आभार भी व्यक्त किया।


पार्टी में उनकी गिनती सक्रिय और महत्वपूर्ण नेताओं में होती थी। ऐसे समय में उनका इस्तीफ़ा राष्ट्रीय लोक मोर्चा के भीतर नए समीकरणों की ओर संकेत माना जा रहा है। पार्टी की ओर से इस इस्तीफ़े पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।


दरअसल, एक दिन पहले ही उपेंद्र कुशवाहा ने रालोमो की शेखपुरा इकाई को भंग करने का ऐलान किया था। इसके ठीक बाद जितेंद्र नाथ के इस्तीफे की घोषणा हुई थी. सूत्रों का कहना है कि विधानसभा चुनाव में जितेंद्र नाथ पार्टी के निर्णयों से नाखुश थे। इतना ही नहीं विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद जब उपेंद्र कुशवाहा ने अपने बेटे दीपक प्रकाश को मंत्री बनवाया तो इससे भी पार्टी के नेताओं के एक धड़े में नाराजगी की खबर आई। इन सबके बीच अब जितेंद्र नाथ ने इस्तीफा दे दिया है।