Bihar Politics: सियासत में नया वारिस? सरवन कुमार का बड़ा दावा-जल्द राजनीति में एंट्री करेंगे निशांत कुमार

Bihar Politics: सूबे के मंत्री सरवन कुमार ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के राजनीति में पदार्पण को लेकर बड़ा इशारा दिया है।...

राजनीति में एंट्री करेंगे निशांत कुमार- फोटो : reporter

Bihar Politics: बिहार की सियासत में हलचल तेज हो गई है। सत्ता के गलियारों से एक ऐसा बयान सामने आया है जिसने राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया है। सूबे के मंत्री सरवन कुमार ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के राजनीति में पदार्पण को लेकर बड़ा इशारा दिया है।

मीडिया से मुखातिब होते हुए सरवन कुमार ने कहा कि कार्यकर्ताओं की लंबे समय से यह ख्वाहिश थी कि निशांत कुमार सक्रिय राजनीति में कदम रखें। अब वह वक्त करीब है जब उनका सियासी आगाज़ देखने को मिलेगा। “इंतज़ार कीजिए, बहुत जल्द सबके सामने तस्वीर साफ हो जाएगी,” उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा।

जब उनसे पूछा गया कि क्या संगठन में अन्य नामों या संभावित दावेदारों पर भी विचार होगा, तो उन्होंने साफ किया कि यह फैसला पार्टी के बड़े नेताओं और शीर्ष नेतृत्व का विशेषाधिकार है। “हमारी जिम्मेदारी संगठन को मजबूत करना है, अंतिम निर्णय वरिष्ठ नेतृत्व करेगा,” उन्होंने दो टूक कहा।

सरवन कुमार ने आगामी चुनावी समीकरणों पर भी आत्मविश्वास जताया। उन्होंने ऐलान किया कि पांचों सीटों पर कल नामांकन दाखिल किया जाएगा और जीत भी हमारी ही होगी। उनके इस बयान को पार्टी के आत्मबल और रणनीतिक तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि निशांत कुमार सियासत में कदम रखते हैं तो यह बिहार की राजनीति में एक नई पारी की शुरुआत हो सकती है। अब तक सार्वजनिक जीवन से दूरी बनाए रखने वाले निशांत का नाम अचानक सुर्खियों में आना कई संकेत देता है।

सियासत की बिसात पर यह कदम महज एक पारिवारिक फैसला नहीं, बल्कि रणनीतिक चाल भी माना जा रहा है। फिलहाल बयान ने कयासों का बाजार गर्म कर दिया है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि कब और किस मंच से निशांत कुमार की औपचारिक एंट्री का ऐलान होता है। बिहार की राजनीति में एक नए अध्याय की आहट साफ सुनाई दे रही है।

रिपोर्ट- अभिजीत सिंह