Bihar Monsoon Session: बिहार विधानसभा के आखिरी दिन भी सियासी संग्राम, छात्रों के प्रदर्शन के बीच सत्ता-विपक्ष आमने-सामने, तख्तियां लेकर पहुंचे विधायक, नहीं होगा प्रश्नकाल

छात्र आंदोलन और प्रदर्शन के ऐलान के बीच विधानसभा परिसर में सियासी हलचल तेज हो गई है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई विधायक अपनी गाड़ियों से पार्टी के झंडे हटाकर विधानसभा पहुंचे।

बिहार विधानसभा के आखिरी दिन भी सियासी संग्राम- फोटो : social Media

Bihar Monsoon Session: बिहार विधानमंडल के मानसून सत्र का आज पांचवां और अंतिम दिन है। छात्र आंदोलन और प्रदर्शन के ऐलान के बीच विधानसभा परिसर में सियासी हलचल तेज हो गई है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई विधायक अपनी गाड़ियों से पार्टी के झंडे हटाकर विधानसभा पहुंचे। वहीं, विपक्षी विधायकों ने विधानसभा पोर्टिको में तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। वहीं विधानसभा अध्यक्ष ने प्रश्न काल को स्थगित कर दिया है।मानसून सत्र के आखिरी दिन भी सदन के बाहर राजनीतिक बयानबाजी तेज रही। सत्ता पक्ष ने विपक्ष के आंदोलन और सदन में अनुपस्थिति को लेकर हमला बोला, जबकि विपक्ष ने छात्रों के मुद्दे और जनहित से जुड़े सवालों को लेकर सरकार पर निशाना साधा।

ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के नेता सदन में रहें या नहीं, इससे सरकार को कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि इसका असर जनता पर पड़ेगा और जनता ही तय करेगी कि ऐसे लोगों को आगे विपक्ष का नेता बनने का मौका मिलना चाहिए या नहीं।

मंत्री ने पटना में हुए प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदर्शन के दौरान विधायकों और पत्रकारों पर हमला किया गया। उन्होंने कहा कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले लोग छात्र नहीं हो सकते। कुछ राजनीतिक दल छात्रों के आंदोलन की आड़ में अपनी राजनीति चमका रहे हैं।

वहीं, तेजस्वी यादव के विधानसभा की कार्यवाही में शामिल नहीं होने को लेकर राजद विधायक अनीता देवी ने कहा कि इस मुद्दे को बेवजह तूल दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी के नेता मजबूत हैं और विपक्ष पूरी मजबूती के साथ जनता के मुद्दे उठाता रहेगा।विधानसभा परिसर में CPI(M) विधायक अजय कुमार पोस्टर लेकर पहुंचे। उनके पोस्टर पर तीन प्रमुख मांगें लिखी थीं भूमिहीनों को 5 डिसमिल जमीन दो,घरों को पक्का मकान दो, स्वामीनाथन आयोग के अनुसार फसल का डेढ़ गुना दाम दो

अजय कुमार ने छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को गलत बताते हुए कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग रखने वाले छात्रों पर बल प्रयोग नहीं किया जाना चाहिए।विधानसभा की कार्यवाही शुरू हो चुकी है। आखिरी दिन NEET पेपर लीक, छात्र आंदोलन, पुलिस कार्रवाई और CAG रिपोर्ट जैसे मुद्दों पर विपक्ष सरकार को घेरने की तैयारी में है। वहीं, सत्ता पक्ष कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों को लेकर अपना पक्ष रख सकता है।मासून सत्र का अंतिम दिन भी बिहार की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप और हंगामे के बीच गुजरने के संकेत दे रहा है।