बिहार विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही भारी हंगामा, स्पीकर ने 8 मिनट बाद ही किया स्थगित

सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले भी विपक्षी विधायकों ने विधानसभा परिसर के पोर्टिको में प्रदर्शन किया। विधायक हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आए।

Bihar Assembly  : बिहार विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही गुरुवार को सदन में विपक्षी विधायकों ने जोरदार हंगामा शुरू कर दिया। विधायक नारेबाजी करते हुए सदन के वेल में पहुंच गए और सरकार के खिलाफ विरोध जताया। नीट पेपर लीक और पटना में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के मुद्दे को लेकर विपक्ष ने सरकार को घेरने की रणनीति अपनाई है। सदन में भारी बवाल के बीच 8 मिनट बाद ही स्पीकर प्रेम कुमार ने सदन  स्थगित करने की घोषणा की। इस दौरान कई सदस्यों के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली और काफी अराजक स्थिति पूरे सदन में रही।  


सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले भी विपक्षी विधायकों ने विधानसभा परिसर के पोर्टिको में प्रदर्शन किया। विधायक हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आए। ‘भाजपा हटाओ, शिक्षा बचाओ’ के नारे के साथ विपक्षी विधायक विधानसभा के पास धरने पर बैठ गए।


प्रदर्शन कर रहे विपक्षी विधायकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। उनके हाथों में ‘10 वर्षों में 152 पेपर लीक क्यों, भाजपा सरकार जवाब दो’, ‘छात्रों की है एक ही मांग, पारदर्शी परीक्षा और सम्मान’ और ‘छात्रों पर पुलिस बर्बरता, नहीं चलेगी’ जैसे स्लोगन लिखे बैनर और पोस्टर थे।


विपक्षी विधायकों ने कल पटना में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के खिलाफ भी जोरदार विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि छात्रों की आवाज को दबाने के बजाय सरकार को परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और पेपर लीक के मामलों पर जवाब देना चाहिए।

सम्राट सरकार के 100 दिन 

गौरतलब है कि आज मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार के 100 दिन पूरे हो रहे हैं। इसी बीच विपक्ष के प्रदर्शन के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी विधानसभा पहुंचे। विधानसभा के अंदर और बाहर विपक्ष के विरोध प्रदर्शन के कारण सदन का माहौल काफी हंगामेदार बना हुआ है।