Bihar News : बिहार बोर्ड ने इंटर और मैट्रिक के परीक्षार्थियों को दी राहत, रजिस्ट्रेशन की बढ़ाई तिथि, अब इस दिन तक भरे जाएंगे फॉर्म
Bihar News : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने इंटरमीडिएट एवं मैट्रिक वार्षिक परीक्षा, 2028 के लिए रजिस्ट्रेशन की तिथि का विस्तार कर दिया है. अब इस दिन तक इसके लिए फॉर्म भरे जायेंगे........पढ़िए आगे
PATNA : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने इंटरमीडिएट और मैट्रिक वार्षिक परीक्षा 2028 में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को बड़ी राहत दी है। बोर्ड ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि को बढ़ा दिया है। अब छूटे हुए छात्र-छात्राएं 10 अक्टूबर 2026 से 24 अक्टूबर 2026 तक अपना पंजीकरण करा सकेंगे। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष डॉ० त्यागराजन एस०एम० ने इस विस्तार के संबंध में जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2028 की वार्षिक परीक्षा के लिए शिक्षण संस्थानों द्वारा विद्यार्थियों के रजिस्ट्रेशन करने हेतु निर्धारित तिथि समाप्त हो रही थी, जिसके बाद समिति ने छात्रहित को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है। इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2028 के लिए 11वीं कक्षा के छूटे हुए विद्यार्थियों का रजिस्ट्रेशन कराया जाएगा। इसके लिए शिक्षण संस्थानों के प्रधान आधिकारिक वेबसाइट https://intermediate.biharboardonline.com पर जाकर अपने निर्दिष्ट यूजर आईडी एवं पासवर्ड का उपयोग कर ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं।
इसी प्रकार, मैट्रिक वार्षिक परीक्षा 2028 के लिए 9वीं कक्षा के विद्यार्थियों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। स्कूलों के प्रधान आधिकारिक पोर्टल https://secondary.biharboardonline.org के माध्यम से अपने लॉगिन क्रेडेंशियल (यूजर आईडी और पासवर्ड) द्वारा प्रक्रिया पूरी करेंगे।
बिहार बोर्ड ने सभी संबद्ध शिक्षण संस्थानों के प्रधानों को निर्देश दिया है कि वे दी गई विस्तारित अवधि (24 अक्टूबर 2026) के भीतर सभी पात्र एवं छूटे हुए विद्यार्थियों का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें, ताकि भविष्य में किसी भी विद्यार्थी का वर्ष खराब न हो।