बिहार के किसान का बेटा बना दुनिया में मिसाल, 12 साल में सबसे कम उम्र में IIT-JEE पास, 24 वर्ष में PHD, अब अमेरिका में AI वैज्ञानिक
20 जुलाई 1999 को बिहार के एक किसान परिवार में जन्मे सत्यम कुमार ने केवल 12 वर्ष की आयु में IIT-JEE परीक्षा पास कर देश के सबसे कम उम्र के सफल अभ्यर्थी बनने का रिकॉर्ड बनाया।
Youngest IIT-JEE Qualifier : बिहार की मिट्टी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती। किसान परिवार में जन्मे सत्यम कुमार ने अपनी असाधारण प्रतिभा और मेहनत के दम पर वह मुकाम हासिल किया, जिसकी कल्पना भी बहुत कम लोग कर पाते हैं। महज 12 वर्ष की उम्र में IIT-JEE जैसी देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में सफलता हासिल कर उन्होंने इतिहास रच दिया। आज वह अमेरिका में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और मशीन लर्निंग के क्षेत्र में महत्वपूर्ण शोध कर रहे हैं।
12 साल की उम्र में रचा इतिहास
20 जुलाई 1999 को बिहार के एक किसान परिवार में जन्मे सत्यम कुमार बचपन से ही पढ़ाई में बेहद तेज थे। उनकी प्रतिभा को देखते हुए परिवार के एक परिचित ने उनके पिता को सलाह दी कि बेटे को राजस्थान के कोटा भेजकर IIT-JEE की तैयारी कराई जाए। परिवार ने आर्थिक चुनौतियों के बावजूद यह फैसला लिया और सत्यम की जिंदगी बदल गई। सत्यम कुमार ने केवल 12 वर्ष की आयु में IIT-JEE परीक्षा पास कर देश के सबसे कम उम्र के सफल अभ्यर्थी बनने का रिकॉर्ड बनाया। हालांकि उन्होंने यहीं संतोष नहीं किया। अगले वर्ष फिर परीक्षा दी और सिर्फ 13 साल की उम्र में IIT-JEE 2013 में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 670 हासिल की। अपने इस सफर को याद करते हुए सत्यम ने एक इंटरव्यू में कहा था, "जब मैंने JEE पास किया, तब मेरा सपना सच हो गया। मुझे देश के सबसे प्रतिष्ठित संस्थानों में पढ़ने का अवसर मिला।"
IIT कानपुर से इंजीनियरिंग, AI में बनाई मजबूत नींव
AIR 670 मिलने के बाद सत्यम ने IIT कानपुर में दाखिला लिया, जहां उन्होंने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में डुअल डिग्री (BTech-MTech) पूरी की। इसी दौरान उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और एडवांस कंप्यूटिंग जैसे आधुनिक तकनीकी क्षेत्रों में गहरी विशेषज्ञता हासिल की। सत्यम के अनुसार, "IIT कानपुर का माहौल मुझे रिसर्च और इनोवेशन की ओर लगातार प्रेरित करता रहा। यहीं से मुझे बड़ी और चुनौतीपूर्ण समस्याओं पर काम करने का आत्मविश्वास मिला।"
24 साल की उम्र में पूरी की पीएचडी
उच्च शिक्षा के लिए सत्यम अमेरिका चले गए, जहां उन्होंने मात्र 24 वर्ष की आयु में पीएचडी पूरी कर ली। अपने शोध के दौरान उन्हें Apple में मशीन लर्निंग इंटर्न के रूप में काम करने का अवसर भी मिला, जहां उन्होंने AI रिसर्च से जुड़े कई प्रोजेक्ट्स पर काम किया। वर्तमान में सत्यम कुमार अमेरिका की प्रतिष्ठित टेक कंपनी Texas Instruments में Machine Learning Systems Research Engineer के रूप में कार्यरत हैं। यहां वे अत्याधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग तकनीकों के विकास में योगदान दे रहे हैं।
सोशल मीडिया पर हो रही जमकर तारीफ
सत्यम कुमार की सफलता की कहानी सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा में है। लोग उन्हें नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा बता रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, "बिहार के एक ग्रामीण किसान परिवार का बेटा 13 साल की उम्र में IIT-JEE पास कर आज Texas Instruments में मशीन लर्निंग इंजीनियर है। यह सचमुच प्रेरणादायक कहानी है।" वहीं एक अन्य यूजर ने उन्हें "एक पीढ़ी में एक बार जन्म लेने वाली असाधारण प्रतिभा" बताया। जबकि एक अन्य टिप्पणी में लिखा गया, "सत्यम कुमार ने रिकॉर्ड ही नहीं, सोच की सीमाएं भी तोड़ दीं।"
लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा
सत्यम कुमार की कहानी इस बात का प्रमाण है कि यदि प्रतिभा के साथ मेहनत और सही मार्गदर्शन मिल जाए, तो छोटे गांव से निकला एक किसान का बेटा भी दुनिया की सबसे बड़ी तकनीकी कंपनियों तक पहुंच सकता है। उनका सफर आज देश के लाखों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बन चुका है।