बिहार में तिरंगे की शान, विधानसभा में लहराया तिरंगा, अध्यक्ष ने फहराया झंडा

आजादी के इस मौके पर बिहार विधानसभा में भी राष्ट्रध्वज फहराया गया। विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने ध्वजारोहण कर देश और संविधान के प्रति सम्मान का इजहार किया।..

विधानसभा में लहराया तिरंगा- फोटो : reporter

Bihar Independence Day: बिहार में आज 80वें स्वतंत्रता दिवस का जश्न पूरे जोश, जज्बे और शान-ओ-शौकत के साथ मनाया जा रहा है। राजधानी पटना से लेकर सूबे के कोने-कोने तक तिरंगे की आन, बान और शान के साथ राष्ट्रभक्ति का माहौल कायम है। सरकारी इदारों से लेकर सियासी दलों के दफ्तरों और आम अवाम के बीच देशभक्ति का रंग दिखाई दे रहा है। आजादी के इस  मौके पर बिहार विधानसभा में भी राष्ट्रध्वज फहराया गया। विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने ध्वजारोहण कर देश और संविधान के प्रति सम्मान का इजहार किया। इस मौके पर विधान सभा के उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण चौधरी और विधानसभा के उपाध्यक्ष अवधेश नाराय़ण सिंह भी मौजूद रहे।

स्वतंत्रता दिवस सिर्फ एक सरकारी रस्म नहीं, बल्कि उन अनगिनत कुर्बानियों को याद करने का दिन है, जिनकी बदौलत भारत आज एक आजाद और जम्हूरी मुल्क के तौर पर खड़ा है। आजादी की लड़ाई में बिहार की जमीन का योगदान बेहद अहम रहा है। यहां के किसानों, नौजवानों और आम लोगों ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

बिहार की आजादी की जद्दोजहद की चर्चा चंपारण के बिना अधूरी है। महात्मा गांधी का चंपारण आगमन भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन का निर्णायक अध्याय माना जाता है। नील की खेती और किसानों के शोषण के खिलाफ उठी आवाज आगे चलकर चंपारण सत्याग्रह में तब्दील हुई और इस आंदोलन ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ जनचेतना को नई धार दी। यही वजह है कि बिहार में फहराया गया हर तिरंगा उस गौरवशाली विरासत और संघर्ष की याद भी दिलाता है।

आज राजधानी पटना में सुबह से ही सरकारी परिसरों और राजनीतिक दलों के प्रदेश कार्यालयों में ध्वजारोहण का सिलसिला जारी है। विभिन्न दल अपने-अपने स्तर पर स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित कर रहे हैं। जेडीयू, बीजेपी, राजद और हम के प्रदेश कार्यालयों में भी संबंधित दलों के प्रदेश अध्यक्ष राष्ट्रध्वज फहराएंगे।

वहीं गांधी मैदान में होने वाला मुख्य राजकीय समारोह इस दिन का सबसे बड़ा आकर्षण रहेगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पहली बार गांधी मैदान में बतौर मुख्यमंत्री तिरंगा फहराएंगे और परेड की सलामी लेंगे। हजारों लोगों की मौजूदगी में जब राष्ट्रध्वज आसमान में लहराएगा तो यह लम्हा गौरव, जज्बात और देशभक्ति से भरपूर होगा।

रिपोर्ट- नरोत्तम सिंह