Bihar Electricity Subsidy: यूपी के सीएम योगी से आगे निकले बिहार के सीएम सम्राट,गांधी मैदान से बिजली सब्सिडी पर किया ये बड़ा ऐलान
Bihar Electricity Subsidy: बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में पहली बार गांधी मैदान में तिरंगा फहराने के बाद सम्राट चौधरी ने राज्य की ऊर्जा व्यवस्था, बिजली सब्सिडी और किसानों को सस्ती बिजली को लेकर सरकार का विजन सामने रखा।...
Bihar Electricity Subsidy: बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में पहली बार गांधी मैदान में तिरंगा फहराने के बाद सम्राट चौधरी ने राज्य की ऊर्जा व्यवस्था, बिजली सब्सिडी और किसानों को सस्ती बिजली को लेकर सरकार का विजन सामने रखा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार बिजली उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सरकार का मकसद सस्ती बिजली पैदा करना और आम अवाम को राहत देना है, ताकि बिजली की जरूरतों के लिए राज्य की निर्भरता कम हो।मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में जनता को बिजली पर सब्सिडी दी जा रही है। 125 यूनिट बिजली मुफ्त दी जा रही है और इस योजना पर सरकार को सालाना करीब 23 हजार करोड़ रुपये का खर्च आता है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी रकम खर्च होने के मद्देनजर सरकार का फोकस अब कम लागत में बिजली उत्पादन बढ़ाने पर है।
रूफटॉप सोलर से बिजली का बोझ घटाने की कवायद
सम्राट चौधरी ने कहा कि उत्पादित बिजली पर लोड कम करने के लिए राज्य के ज्यादा से ज्यादा घरों में रूफटॉप सोलर प्लांट लगाने पर जोर दिया जा रहा है। सौर ऊर्जा को बढ़ावा देकर घरेलू बिजली की जरूरत का एक हिस्सा घरों की छत से ही पूरा करने की कोशिश है।रूफटॉप सोलर का विस्तार होने से बिजली की मांग के दबाव को कम करने के साथ-साथ स्वच्छ ऊर्जा को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। सरकार की यह पहल बिहार को ऊर्जा के मामले में ज्यादा मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अहम मानी जा रही है।
किसानों को 55 पैसे यूनिट बिजली
मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए भी बिजली दर को लेकर बड़ी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसानों को सस्ती और समय पर बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। इसके लिए किसानों से महज 55 पैसे प्रति यूनिट की दर से बिजली बिल लिया जा रहा है।उन्होंने बताया कि राज्य के 60 लाख से अधिक किसानों को डिजिटल तौर पर सरकार से जोड़ा गया है। डिजिटल कनेक्टिविटी के जरिए किसानों तक सरकारी सेवाओं और योजनाओं की पहुंच बढ़ाने की कोशिश की जा रही है।मुख्यमंत्री ने बिजली सब्सिडी के मुद्दे पर कहा कि बिहार में देश में सबसे ज्यादा सब्सिडी दी जा रही है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की तुलना में भी बिहार सरकार बिजली पर ज्यादा सब्सिडी दे रही है।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
गांधी मैदान में स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर प्रशासन ने भी व्यापक इंतजाम किए थे। समारोह को भव्य, गरिमापूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के लिए सुरक्षा, दर्शक दीर्घा, प्रवेश और विशिष्ट अतिथियों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया।मौसम को देखते हुए करीब 80 हजार वर्गफीट क्षेत्र में दर्शक दीर्घा के ऊपर शेड का निर्माण कराया गया था, ताकि बारिश की स्थिति में भी लोगों को परेशानी न हो।प्रवेश व्यवस्था के लिए अलग-अलग गेट निर्धारित किए गए थे। विशिष्ट और अतिविशिष्ट अतिथियों के लिए मुख्य द्वार संख्या-10 तय किया गया था। पीला कार्डधारी प्रेस और मीडिया प्रतिनिधियों का प्रवेश गेट नंबर-9 से कराया गया।महिलाओं के लिए गेट नंबर 12 और 13, जबकि विद्यार्थियों के लिए गेट नंबर 2, 3 और 4 निर्धारित किए गए थे। आम लोगों का प्रवेश गेट नंबर 6 और 7 से कराया गया।
गांधी मैदान चार सेक्टरों में बांटा गया
कानून-व्यवस्था को पुख्ता रखने के लिए पूरे गांधी मैदान को चार सेक्टर और सब-सेक्टरों में विभाजित किया गया था। गांधी मैदान और कारगिल स्मृति चौक के आसपास कुल 62 स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। इन सभी स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात किया गया।इस तरह मुख्यमंत्री के पहले स्वतंत्रता दिवस संबोधन में जहां बिजली और ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता का खाका पेश किया गया, वहीं गांधी मैदान में आयोजित समारोह को महफूज और व्यवस्थित रखने के लिए प्रशासन ने भी सुरक्षा का मजबूत इंतजाम किया।125 यूनिट मुफ्त बिजली, किसानों को 55 पैसे प्रति यूनिट दर और रूफटॉप सोलर के विस्तार का संदेश साफ है सरकार सस्ती बिजली के साथ बिहार को ऊर्जा के मोर्चे पर आत्मनिर्भर बनाने की कवायद में जुटी है।