छपरा जहरीली शराब कांड: मुख्य आरोपी सहित 6 गिरफ्तार, मिथाइल अल्कोहल की हुई पुष्टि, ADG अमित जैन का बड़ा खुलासा

छपरा में जहरीली शराब से 5 मौतों के बाद एक्शन में बिहार पुलिस। ADG अमित जैन ने बताया कि मुख्य आरोपी गिरफ्तार हो गया है और शराब में मिथाइल अल्कोहल की पुष्टि हुई है।

Patna - : बिहार के छपरा में जहरीली शराब से हुई 5 लोगों की मौत के मामले में मद्य निषेध उत्पाद विभाग के ADG अमित जैन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बड़ी जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि इस पूरे मामले में पुलिस मुख्यालय स्तर से मॉनिटरिंग की जा रही है और अब तक मुख्य अभियुक्त सहित 6 लोगों को सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है।

मुख्य अभियुक्त सूरज महतो गिरफ्तार

ADG अमित जैन के अनुसार, इस मामले में कुल 10 लोगों को नामजद किया गया था, जिनमें से 6 की गिरफ्तारी हो चुकी है। गिरफ्तार होने वालों में कांड का मुख्य आरोपी सूरज महतो भी शामिल है। पुलिस की विशेष टीमें अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं।

शराब के सैंपल में मिला 'मौत का जहर'

जांच टीम ने घटनास्थल से बरामद अवैध शराब के नमूनों को परीक्षण के लिए भेजा था। लैब रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि बरामद शराब में मिथाइल अल्कोहल की मौजूदगी थी। यही वह घातक रसायन है जिसके सेवन से लोगों की आंखों की रोशनी चली जाती है और अंगों के विफल होने से मौत हो जाती है।

कुल 4 मामले दर्ज, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए मशरक थाना में 2 और पातेपुर थाना में 2 अलग-अलग मामले दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। ADG ने बताया कि मृत 5 लोगों में से 2 का पोस्टमार्टम कराया गया है, जबकि 3 अन्य के शव प्रक्रिया पूरी कर परिजनों को सौंप दिए गए हैं।

शराबबंदी के 9 साल और माफियाओं का दुस्साहस

बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू हुए 9 साल पूरे हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद शराब माफिया और तस्कर सक्रिय हैं। अवैध तरीके से शराब बनाने और उसकी सप्लाई करने की जुगत में माफिया आम लोगों की जान से खिलवाड़ कर रहे हैं। बिहार के कई जिलों से समय-समय पर जहरीली शराब से मौत के मामले सामने आते रहे हैं।

पुलिस मुख्यालय से सख्त कार्रवाई के निर्देश

छपरा कांड को लेकर बिहार पुलिस मुख्यालय पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। ADG ने स्पष्ट किया कि इस मामले में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यालय से सभी जिलों को आदेश दिए गए हैं कि अवैध शराब के निर्माण और तस्करी में जुटे सिंडिकेट पर नकेल कसी जाए और आरोपियों पर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Report - anil kumar