Bihar News: बिहार में राजस्व न्यायालयों की सुनवाई होगी ऑनलाइन, CM सम्राट ने किया RCMS का लोकार्पण

Bihar News: बिहार में राजस्व न्यायालयों की कार्यवाही को डिजिटल और आधुनिक बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नई पहल की है। ...

राजस्व न्यायालयों की सुनवाई होगी ऑनलाइन- फोटो : reporter

Bihar News: बिहार में राजस्व न्यायालयों की कार्यवाही को डिजिटल और आधुनिक बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नई पहल की है। मुख्यमंत्री ने लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में राजस्व न्यायालय प्रबंधन प्रणाली के तहत वर्चुअल सुनवाई व्यवस्था का लोकार्पण किया। इस नई व्यवस्था के शुरू होने से अब आम लोगों को राजस्व मामलों की सुनवाई के लिए बार-बार न्यायालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलने की उम्मीद है।

वर्चुअल सुनवाई व्यवस्था के जरिए राजस्व मामलों से जुड़े पक्षकार दूर बैठे ही सुनवाई की प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे। खासकर सुदूर ग्रामीण और दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए यह व्यवस्था काफी सहूलियत भरी साबित हो सकती है। अब लोगों को छोटी-छोटी सुनवाई के लिए लंबी दूरी तय करने, आने-जाने में समय गंवाने और अनावश्यक खर्च उठाने की मजबूरी कम होगी।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तकनीक आधारित प्रशासनिक व्यवस्था को बढ़ावा देने और राजस्व न्यायालयों के कामकाज में पारदर्शिता लाने पर जोर दिया। नई प्रणाली का मकसद सुनवाई की प्रक्रिया को अधिक सुगम, पारदर्शी और समयबद्ध बनाना है। इसके साथ ही न्यायिक प्रक्रिया में होने वाली अनावश्यक देरी को कम करने और मामलों के निष्पादन में तेजी लाने की दिशा में भी यह महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

सरकार की इस पहल से राजस्व न्यायालयों की कार्यप्रणाली में डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल बढ़ेगा। आम नागरिकों को घर के नजदीक से सुनवाई में शामिल होने की सुविधा मिलेगी और प्रशासनिक व्यवस्था अधिक जनसुलभ बनेगी। सुशासन, पारदर्शिता और तकनीक के बेहतर इस्तेमाल के जरिए जनता को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू की गई यह व्यवस्था बिहार में डिजिटल प्रशासन को नई दिशा देने की कोशिश है।

रिपोर्ट- अभिजीत सिंह