पुडुचेरी में एनडीए की प्रचंड जीत पर बोले बिहार के सीएम सम्राट, पीएम मोदी की दूरदर्शी सोच और विकास पर लगी मुहर
Patna : बीते दिनों देश के पांच राज्यों में हुए विधान सभा चुनाव के आज मतगणना का कार्य चल रही है। जिसमें पुडुचेरी में एनडीए को स्पष्ट बहुमत मिल गया है। इस शानदार सफलता पर बिहार के मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता सम्राट चौधरी ने अपनी गहरी खुशी व्यक्त की है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से पुडुचेरी की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत विकास और विश्वास की जीत है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व पर मुहर लगाती है।
प्रधानमंत्री और राष्ट्रीय नेतृत्व का जताया आभार
बिहारर के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने संदेश में विशेष रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के संगठनात्मक कौशल की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और जमीनी स्तर पर संगठन की मजबूती के कारण ही भाजपा पुडुचेरी में जन-जन का विश्वास जीतने में सफल रही है। उनके अनुसार, यह परिणाम न केवल पुडुचेरी बल्कि देश की बदलती राजनीतिक दिशा का भी संकेत है।
कार्यकर्ताओं के समर्पण को किया नमन
जीत का श्रेय जमीनी कार्यकर्ताओं को देते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि एनडीए के कार्यकर्ताओं ने दिन-रात परिश्रम कर घर-घर तक पार्टी का संदेश पहुँचाया। उन्होंने विजयी प्रत्याशियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं का समर्पण और जनता का प्यार ही इस भव्य विजय की असली शक्ति है। उन्होंने कार्यकर्ताओं के जोश को पार्टी के भविष्य के लिए एक नई ऊर्जा बताया।
विकास और सुशासन पर जनता की मुहर
कहा कि पुडुचेरी की जनता ने नकारात्मक राजनीति को दरकिनार करते हुए केवल प्रगति और स्थिरता को चुना है। यह जीत दर्शाती है कि जनता अब केवल उन पर भरोसा कर रही है जो उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प रखते हैं।
उन्होंने पुडुचेरी की जनता का हृदय से अभिनंदन करते हुए भविष्य में राज्य के सर्वांगीण विकास का आश्वासन दिया।
वंदना की रिपोर्ट