यूपी सीएम योगी से 7 गुना ज्यादा दौलतमंद हैं बिहार के मुख्यमंत्री, देश के 14वें सबसे अमीर सीएम हैं सम्राट, पढ़िए कितनी संपत्ति के मालिक हैं चौधरी
संपत्ति के मामले में बिहार के सीएम सम्राट चौधरी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से करीब सात गुना अधिक संपन्न हैं। योगी आदित्यनाथ के पास 1.54 करोड़ रुपये की संपत्ति दर्ज की गई है।
Bihar Cm Samrat Choudhary: देश के मुख्यमंत्रियों की संपत्ति को लेकर जारी ADR (एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स) की ताजा रिपोर्ट में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दौलत के मामले में 14वें स्थान पर हैं। रिपोर्ट के मुताबिक उनके पास 11.34 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्ति है। खास बात यह है कि उनके ऊपर एक रुपये का भी कर्ज नहीं है। वहीं, संपत्ति के मामले में वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से करीब सात गुना अधिक संपन्न हैं। योगी आदित्यनाथ के पास 1.54 करोड़ रुपये की संपत्ति दर्ज की गई है।
रिपोर्ट के अनुसार, 56 वर्षीय सम्राट चौधरी डॉक्टरेट की डिग्री धारक हैं और उनकी वार्षिक आय 17.91 लाख रुपये है। दिलचस्प बात यह भी है कि 31 दिसंबर 2025 को उन्होंने अपनी कुल संपत्ति 6.38 करोड़ रुपये घोषित की थी, जबकि ADR की मौजूदा रिपोर्ट में उनकी संपत्ति बढ़कर 11.34 करोड़ रुपये दर्ज की गई है।
सम्राट चौधरी की संपत्ति में 4.91 करोड़ रुपये की जमीन-जायदाद, 51.68 लाख रुपये का बॉन्ड, डिबेंचर और बीमा में निवेश, 7 लाख रुपये की बोलेरो गाड़ी शामिल है। उनके और उनकी पत्नी के पास 20-20 लाख रुपये के आभूषण हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री के पास 4 लाख रुपये की एनपी बोर राइफल और 2 लाख रुपये का रिवॉल्वर भी है। उनके चार बैंक खातों में 17.44 लाख रुपये, जबकि उनकी पत्नी के पांच खातों में 6.41 लाख रुपये जमा हैं।
भाजपा के मुख्यमंत्रियों की सूची में सम्राट चौधरी छठे सबसे अमीर मुख्यमंत्री हैं। इस सूची में अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू 332.56 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ शीर्ष पर हैं। वहीं, पड़ोसी राज्य झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पास 25.33 करोड़ रुपये की संपत्ति है, जो सम्राट चौधरी की संपत्ति से दोगुने से भी अधिक है।
ADR की रिपोर्ट के अनुसार, देश के मुख्यमंत्रियों में कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार सबसे अमीर हैं। उनके पास 1,413 करोड़ रुपये की संपत्ति है, जिसमें 273 करोड़ रुपये की चल और 1,140 करोड़ रुपये से अधिक की अचल संपत्ति शामिल है। दूसरे स्थान पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू 931 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ हैं, जबकि तीसरे स्थान पर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय 648 करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक हैं।
रिपोर्ट में यह भी खुलासा हुआ है कि देश के 45 फीसदी (14) मुख्यमंत्री आपराधिक मामलों का सामना कर रहे हैं। इनमें से 35 फीसदी (11) के खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, देश के मुख्यमंत्रियों की औसत संपत्ति 118.07 करोड़ रुपये आंकी गई है। दूसरी ओर, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला सबसे कम संपत्ति वाले मुख्यमंत्री हैं। उनके पास कोई अचल संपत्ति नहीं है और उनकी कुल चल संपत्ति 55.24 लाख रुपये है।