पटना में बेली रोड 11 जगहों पर होगी चौड़ी, अब इस रुट से चलेंगीं गाड़ियां, जाम से मिलेगी राहत

मेट्रो परियोजना विकास का प्रतीक है, लेकिन इसके कारण आम लोगों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। CM ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जहां भी जरूरत हो, वहां सड़क का चौड़ीकरण किया जाए और वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए

Patna to Widen Bailey Road at 11 Points for Metro Work
पटना में बदलेगा ट्रैफिक रुट- फोटो : social Media

Patna traffic:  पटना में मेट्रो निर्माण के दौरान लोगों को ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। बेली रोड (नेहरू पथ) को 11 स्थानों पर चौड़ा किया जाएगा, ताकि मेट्रो निर्माण के दौरान भी वाहनों की आवाजाही सुचारु बनी रहे और लोगों को घंटों जाम में न फंसना पड़े। इस संबंध में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं।

शनिवार को पथ निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि मेट्रो परियोजना विकास का प्रतीक है, लेकिन इसके कारण आम लोगों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जहां भी जरूरत हो, वहां सड़क का चौड़ीकरण किया जाए और वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि निर्माण कार्य के दौरान ट्रैफिक प्रभावित न हो।

सरकार की योजना के तहत बेली रोड के 11 संकरे हिस्सों का चौड़ीकरण किया जाएगा। इससे सड़क की क्षमता बढ़ेगी और निर्माण कार्य के बावजूद वाहनों की आवाजाही बिना रुकावट जारी रहेगी। साथ ही सड़क किनारे की अव्यवस्थित गतिविधियों को भी व्यवस्थित किया जाएगा। विशेष रूप से वेंडिंग जोन की पहचान कर रेहड़ी-पटरी दुकानदारों के लिए निर्धारित स्थान तय किए जाएंगे, जिससे अतिक्रमण कम होगा और सड़क पर ट्रैफिक का दबाव भी घटेगा।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जिन स्थानों पर मेट्रो निर्माण के कारण मुख्य सड़क पर काम चलेगा, वहां पहले से वैकल्पिक मार्ग तैयार किए जाएंगे। इससे लोगों को दूसरे सुरक्षित और सुगम रास्तों से आने-जाने की सुविधा मिलेगी और यातायात व्यवस्था बाधित नहीं होगी।

मुख्यमंत्री ने पथ निर्माण विभाग, पटना मेट्रो परियोजना से जुड़ी एजेंसियों, जिला प्रशासन और यातायात पुलिस को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी विभाग मिलकर ऐसी कार्ययोजना तैयार करें, जिससे निर्माण कार्य भी समय पर पूरा हो और शहर की ट्रैफिक व्यवस्था भी सुचारु बनी रहे।

इस समीक्षा बैठक में पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, पटना मेट्रो के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार आर. पुडुकलकट्टी, पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सरकार का मानना है कि इन कदमों से न केवल मेट्रो निर्माण में तेजी आएगी, बल्कि राजधानीवासियों को रोजाना लगने वाले ट्रैफिक जाम से भी बड़ी राहत मिलेगी।