TRE 4 के छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर कांग्रेस का बड़ा हमला, सम्राट सरकार पर जमकर बरसी पार्टी
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बिहार में लाखों शिक्षक पद खाली पड़े हैं, खासकर अंग्रेजी और विज्ञान विषयों में शिक्षकों की भारी कमी है। लेकिन अभ्यर्थियों लाठी चल रही है.
Lathicharge on TRE 4 students : बिहार में TRE-4 अभ्यर्थियों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर बड़ा हमला बोला है। कांग्रेस के बिहार प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि राज्य सरकार युवाओं, छात्रों और शिक्षा व्यवस्था के मुद्दों पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार रोजगार देने के बजाय सिर्फ सत्ता बचाने और राजनीतिक समीकरण साधने में जुटी हुई है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बिहार में लाखों शिक्षक पद खाली पड़े हैं, खासकर अंग्रेजी और विज्ञान विषयों में शिक्षकों की भारी कमी है। इसकी वजह से सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है और छात्रों को मजबूरी में महंगी प्राइवेट कोचिंग का सहारा लेना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि कोचिंग संस्थानों के संचालन और फीस को लेकर सरकार की कोई स्पष्ट नीति नहीं है। TRE-4 अभ्यर्थियों पर हुए लाठीचार्ज की निंदा करते हुए कांग्रेस ने छात्रों के आंदोलन का समर्थन किया और चेतावनी दी कि युवाओं और शिक्षा के मुद्दे पर पार्टी आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन चलाएगी।
राजेश राम ने सरकार पर परिवारवाद को बढ़ावा देने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मंत्रियों के परिजनों को राजनीतिक अवसर दिए जा रहे हैं, जबकि बिहार के बेरोजगार युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं। कांग्रेस ने सरकार से शिक्षा व्यवस्था में सुधार और युवाओं को रोजगार देने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।