Anant Singh Accident: मोकामा विधायक अनंत सिंह की गाड़ियों की भीषण टक्कर, बाल-बाल बची जान

बिहार के मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह का काफिला बाढ़ अनुमंडल के अथमलगोला थाना क्षेत्र में सबनिमा पेट्रोल पंप के पास एक भीषण सड़क हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गया।विधायक मोकामा विधानसभा के बादपुर गांव में एक शादी समारोह से शामिल होकर लौट रहे

mokama mla anant singh car accident subnima patna
मोकामा विधायक अनंत सिंह की गाड़ियों की भीषण टक्कर, बाल-बाल बची जान- फोटो : Reporter

बिहार के चर्चित मोकामा विधायक अनंत सिंह के काफिले के साथ सबनिमा पेट्रोल पंप के पास एक बड़ा सड़क हादसा हुआ, जिसमें वे बाल-बाल बच गए। जानकारी के अनुसार, विधायक अनंत सिंह मोकामा विधानसभा क्षेत्र के बादपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद उनका काफिला वापस पटना लौट रहा था, इसी दौरान रास्ते में यह दुर्घटना घटी। 


तेज रफ्तार काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं

यह हादसा उस समय हुआ जब विधायक का काफिला फोरलेन से काफी तेज रफ्तार में गुजर रहा था। तभी सबनिमा पेट्रोल पंप के पास काफिले की एक गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई। इस टक्कर के बाद पीछे आ रही काफिले की अन्य गाड़ियां भी एक-दूसरे से बैक-टू-बैक टकराती चली गईं।


चार गाड़ियां क्षतिग्रस्त, सभी लोग सुरक्षित

इस सिलसिलेवार टक्कर में काफिले की कुल चार गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। गनीमत यह रही कि इतनी जोरदार टक्कर होने के बावजूद हादसे में विधायक अनंत सिंह पूरी तरह सुरक्षित रहे और उनके साथ मौजूद किसी भी अन्य व्यक्ति या सुरक्षाकर्मी को कोई गंभीर चोट नहीं आई।


हादसे के बाद पटना के लिए रवाना हुए विधायक

सड़क दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों और सुरक्षाकर्मियों की मदद से स्थिति को तुरंत संभाला गया। सुरक्षित रहने की पुष्टि होने और कुछ देर घटनास्थल पर रुकने के बाद, विधायक अनंत सिंह अपने काफिले की अन्य सुरक्षित गाड़ियों के साथ वापस पटना के लिए रवाना हो गए।

रिपोर्ट - रविशंकर कुमार