Bihar Constable Recruitment 2026: बिहार पुलिस भर्ती का बड़ा अपडेट, जानें परीक्षा और एडमिट कार्ड से जुड़ी पूरी जानकारी
Bihar Constable Recruitment 2026: बिहार सिपाही भर्ती के 4128 पदों के लिए एडमिट कार्ड 1 जून से डाउनलोड होंगे। वहीं बीपीएससी 72वीं परीक्षा के 1189 पदों के लिए अब तक 3 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं।
Bihar Constable Recruitment 2026: बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए महत्वपूर्ण खबर है। केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) ने मद्य निषेध सिपाही, कक्षपाल और चलंत दस्ता सिपाही के कुल 4128 पदों पर होने वाली भर्ती परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी करने की तारीख घोषित कर दी है।
परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी 1 जून से केंद्रीय चयन पर्षद की आधिकारिक वेबसाइट https://csbc.bihar.gov.in पर जाकर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवारों को अपना रजिस्ट्रेशन नंबर या आवेदन के समय दर्ज मोबाइल नंबर और जन्म तिथि दर्ज करनी होगी।
BPSC के लिए बड़ी संख्या में फॉर्म
इस भर्ती के जरिए मद्य निषेध सिपाही के 1603 पद, कक्षपाल के 2417 पद और चलंत दस्ता सिपाही के 108 पदों को भरा जाएगा। परीक्षा 14 जून और 17 जून को आयोजित की जाएगी। दोनों दिनों में परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। परीक्षा बिहार के सभी 38 जिलों में बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। वहीं बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 72वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर भी बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए हैं। बीपीएससी द्वारा 1189 पदों पर भर्ती की जाएगी और इसके लिए प्रारंभिक परीक्षा 26 जुलाई को आयोजित होगी।
3 लाख अभ्यर्थी आवेदन कर चुके हैं
आयोग के अनुसार, शुक्रवार तक लगभग 3 लाख अभ्यर्थी आवेदन कर चुके हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 31 मई निर्धारित की गई है। इच्छुक उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://bpsc.bihar.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। बीपीएससी 72वीं भर्ती में सबसे अधिक 365 पद राजस्व अधिकारी एवं समकक्ष पदों के लिए हैं। इसके अलावा सहकारिता प्रसार पदाधिकारी के 130 पद, अनुमंडल संरक्षण पदाधिकारी के 101 पद और अनुमंडल पदाधिकारी तथा वरीय उपसमाहर्ता के 100 पद शामिल हैं। अन्य विभागों में पदों की संख्या 100 से कम है, जो अभ्यर्थी इन भर्तियों की तैयारी कर रहे हैं, उनके लिए यह समय आवेदन और परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप देने का है।