Patna shooting: पटना में अपराधियों का तांडव! गैरेज संचालक को मारीं 4 गोलियां

Patna shooting: पटना के भूपतिपुर में गैरेज संचालक अंजनी नंदन कुमार पर अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। चार गोलियां लगने से वह गंभीर रूप से घायल हैं और मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं।

Patna shooting:  पटना के रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र के भूपतिपुर में शनिवार को गैरेज संचालक पर अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। गोली लगने से गैरेज संचालक अंजनी नंदन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।


गैरेज से निकलते ही मारी चार गोलियां


जानकारी के अनुसार, अंजनी नंदन कुमार गैरेज से निकल रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। हमले में उन्हें चार गोलियां लगीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घायल अंजनी नंदन को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।


मेदांता अस्पताल में चल रहा इलाज


गोली लगने के बाद अंजनी नंदन कुमार को गंभीर हालत में मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। उनकी हालत को लेकर फिलहाल विस्तृत मेडिकल जानकारी सामने नहीं आई है।


जांच में जुटी पुलिस


घटना की सूचना मिलते ही रामकृष्णा नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। फायरिंग के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल सकती है, ताकि हमलावरों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। फिलहाल मामले में पुलिस की जांच जारी है।

पटना से अनिल की रिपोर्ट