Gaya Pitru Paksha Mela: गया के DM शशांक शुभंकर खुद ई-रिक्शा से पहुंचे विष्णुपद, नो व्हीकल जोन का दिया मैसेज

Gaya Pitru Paksha Mela: पितृपक्ष मेले को देखते हुए गया के विष्णुपद मंदिर क्षेत्र को नो हॉर्न, नो व्हीकल और नो पॉल्यूशन जोन बनाया गया है। श्रद्धालुओं के लिए 150 मुफ्त ई-रिक्शा चलेंगे।

Gaya Pitru Paksha Mela

Gaya Pitru Paksha Mela:   गया में पितृपक्ष मेले के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गया पहुंच रहे हैं। विष्णुपद मंदिर के आसपास श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने विष्णुपद मंदिर के आसपास यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है।

श्रद्धालुओं की सुविधा और आम लोगों को जाम से राहत देने के लिए विष्णुपद मंदिर की परिधि को नो हॉर्न, नो व्हीकल और नो पॉल्यूशन जोन बनाया गया है। इस क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।


चांद चौरा और बंगाली आश्रम में रोके जाएंगे वाहन


प्रशासन के अनुसार, विष्णुपद मेला क्षेत्र में आने वाले वाहनों को चांद चौरा मोड़ पर ही रोक दिया जाएगा। इसी तरह बंगाली आश्रम की तरफ से विष्णुपद जाने वाले वाहनों को बंगाली आश्रम के पास ही रोकने की व्यवस्था की गई है। इसके बाद श्रद्धालु पैदल या जिला प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराए गए मुफ्त ई-रिक्शा से विष्णुपद मंदिर तक जा सकेंगे। यही व्यवस्था वापस लौटने के लिए भी रहेगी। प्रशासन का कहना है कि यह व्यवस्था श्रद्धालुओं को जाम और वाहनों की भीड़ से होने वाली परेशानी से बचाने के लिए की गई है।


डीएम ने खुद ई-रिक्शा से किया सफर


गया के जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर ने भी इस व्यवस्था का पालन करते हुए चांद चौरा से विष्णुपद मेला क्षेत्र तक ई-रिक्शा से सफर किया। इसके बाद वह विष्णुपद से वापस चांद चौरा भी ई-रिक्शा से ही पहुंचे। जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों और अन्य लोगों से भी अपील की कि विष्णुपद क्षेत्र में पैदल या ई-रिक्शा से ही आवागमन करें। इससे मेला क्षेत्र को नो हॉर्न, नो व्हीकल और नो पॉल्यूशन जोन बनाए रखने में मदद मिलेगी और श्रद्धालुओं को परेशानी नहीं होगी।


तीन शिफ्ट में चलेंगे 150 मुफ्त ई-रिक्शा


जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि चांद चौरा से विष्णुपद और विष्णुपद से बंगाली आश्रम के बीच तीन शिफ्ट में कुल 150 मुफ्त ई-रिक्शा उपलब्ध रहेंगे। श्रद्धालु इनका इस्तेमाल बिना किसी शुल्क के कर सकेंगे। इसके अलावा प्रेतशिला पार्किंग प्वाइंट से प्रेतशिला मंदिर तक जाने के लिए बुजुर्ग श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भी पर्याप्त ई-रिक्शा उपलब्ध कराए गए हैं।


गया रेलवे स्टेशन से भी मिलेगी सुविधा


गया रेलवे स्टेशन पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी प्रशासन ने सुविधा की व्यवस्था की है। स्टेशन से किसी भी पिंड स्थल तक जाने के लिए श्रद्धालु ई-रिक्शा की जरूरत बता सकते हैं। इसके बाद उन्हें मुफ्त ई-रिक्शा के जरिए संबंधित स्थान तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि पितृपक्ष मेले के दौरान श्रद्धालुओं को आने-जाने में कम से कम परेशानी हो, इसके लिए यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

गया से मनोज की रिपोर्ट